नानकमत्ता दर्शन के बहाने अपहरण: 15 लाख फिरौती वसूलने वाले दो गिरफ्तार, अपह्रत भी छुड़ाया
-आरके सिंह- बरेली। पंजाब से उत्तराखंड के नानकमत्ता गुरुद्वारे दर्शन करने आए एक 55 वर्षीय व्यक्ति का अपहरण कर फिरौती वसूलने वाले गिरोह का बरेली पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित बरामद कर लिया। गिरोह के चार अन्य फरार सदस्यों की तलाश जारी है।
ऐसा हुआ अपहरण और फिर फिरौती का खेल
पीड़ित दर्शन सिंह (55 वर्ष) अपने भाई के साथ 30 अगस्त को नानकमत्ता गुरुद्वारे दर्शन करने आए थे। रास्ते में लाल फाटक (बरेली) के पास कुछ बदमाशों ने उन्हें झांसे में लेकर गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उन्हें जंगल की ओर ले जाकर जान से मारने की धमकी दी और छोड़ने के एवज में फिरौती की मांग की।
अपहरणकर्ताओं ने पीड़ित के भाई कुलविंदर सिंह से संपर्क कर पहले 1.5 लाख रुपये और फिर 15 लाख रुपये यूपीआई के माध्यम से चार किश्तों में वसूल किए। रकम मिलने के बाद भी बदमाश लगातार और धन की मांग कर रहे थे। थक-हारकर परिजनों ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई
बरेली के एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि कैंट थाना पुलिस ने उमरसिया–बभिया मार्ग पर डेलापीर हनुमान मंदिर के पास से अपहरण में शामिल आकाश पुत्र लालाराम निवासी कांधरपुर और वीरेंद्र पुत्र छत्रपाल निवासी बियोदा (शेरगढ़) को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद हुई। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर अपहृत दर्शन सिंह को भी सुरक्षित छुड़ा लिया।
गिरोह का खुलासा
पूछताछ में सामने आया कि आकाश पुताई का काम करता है और अपने साथियों देवाराम उर्फ सोनू, राहुल पुत्र अशोक, मनोज साहू पुत्र हरीबाबू और अभिषेक पुच्छी के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने लाल फाटक पुल के पास खड़े दर्शन सिंह को देखा और नानकमत्ता जाने के बहाने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं।