लक्ष्य आगरा की नई कमान तय: लोधी क्षत्रिय एम्पलाइज एसोसिएशन की नवीन कार्यकारिणी का निर्विरोध व लोकतांत्रिक निर्वाचन
आगरा। लोधी क्षत्रिय एम्पलाइज एसोसिएशन (लक्ष्य) आगरा का त्रिवर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के उपरांत निर्धारित तिथि के अनुसार रविवार को पंचरत्न पैलेस, वायु बिहार रोड, कलवारी चौराहा पर नवीन कार्यकारिणी का निर्वाचन शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया ओमप्रकाश राजपूत (सेवानिवृत्त सहायक संभागीय अधिकारी) एवं कैलाश लोधी (सेवानिवृत्त सहायक अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, मथुरा) की चुनाव अधिकारी के रूप में देखरेख में सम्पन्न कराई गई।
निर्वाचन की शुरुआत में निवर्तमान कार्यकारिणी ने चुनाव अधिकारियों के समक्ष सामूहिक रूप से इस्तीफा प्रस्तुत कर कार्यकारिणी भंग की, जिसे स्वीकार किए जाने के पश्चात चुनाव की विधिवत प्रक्रिया आरंभ हुई। चुनाव अधिकारियों द्वारा निर्वाचन प्रक्रिया को उपस्थित सदस्यों के समक्ष पढ़कर सुनाया गया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नामांकन पूर्ण होने के बाद उपाध्यक्ष के दो पदों को छोड़कर शेष सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन सम्पन्न हुआ।
उपाध्यक्ष पद के लिए हुए निर्वाचन में कोमल सिंह बाबूजी (सेवानिवृत्त मैनेजर, स्टेट बैंक) एवं प्रशांत सिंह (शिक्षा विभाग) को बहुमत के आधार पर निर्वाचित घोषित किया गया।
नवगठित कार्यकारिणी में इंजी. किशोरी सिंह राजपूत अध्यक्ष, इंजी. सतीश राजपूत वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कोमल सिंह बाबूजी उपाध्यक्ष, प्रशांत सिंह उपाध्यक्ष, विजयपाल सिंह महामंत्री, सुरेश चंद्र राजपूत कोषाध्यक्ष, तेज सिंह प्रचार मंत्री, हेमंत सिंह संगठन मंत्री, महावीर सिंह वर्मा सांस्कृतिक मंत्री, इंजी. देवी सिंह ऑडिटर तथा श्रीमती मीना राजपूत अध्यक्ष महिला मोर्चा (नवसृजित पद) निर्विरोध निर्वाचित हुए।
संस्था ने यह भी स्पष्ट किया कि एक संगठन सचिव एवं 10 कार्यकारिणी सदस्यों को नवगठित कार्यकारिणी अपनी प्रथम बैठक में नामित करेगी, जिसकी सूची बैठक के पश्चात जारी की जाएगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष इंजी. किशोरी सिंह राजपूत ने निर्वाचन में सहभागिता करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्यकारिणी सदस्यों की सहमति एवं सुझावों के आधार पर ही भविष्य के सभी निर्णय लेगी। उन्होंने मथुरा से पधारे चुनाव अधिकारियों ओमप्रकाश राजपूत, कैलाश लोधी तथा संरक्षक मंडल में इंजी. रती राम वर्मा, इंजी. आर.पी. सिंह, इंजी. आर.वी. सिंह, इंजी. हरी शंकर और श्री आर.डी. सिंह नरवरिया के प्रति भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी सदस्यों का हार्दिक अभिनंदन, वंदन एवं आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता और भविष्य की सक्रिय भूमिका का संकल्प दोहराया गया।