आगरा में कल रात की आंधी का आज तक असर, तमाम जगह विद्युत आपूर्ति भंग, पानी का संकट

आगरा। बुधवार की रात आगरा में आए तूफान का असर आज सुबह तक देखा गया। तूफान ने आगरा शहर ही नहीं, ग्रामीण इलाकों में जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। अभी भी तमाम इलाकों में विद्युत आपूर्ति भंग पड़ी हुई है, जिससे पानी का भी संकट पैदा हो गया। तूफान के दौरान सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम सुबह तक जारी था। जिले में भर में विद्युत विभाग की टीमें विद्युत सप्लाई बहाल करने के लिए जुटी हुई हैं।

May 22, 2025 - 11:24
May 23, 2025 - 02:00
 0
आगरा में कल रात की आंधी का आज तक असर, तमाम जगह विद्युत आपूर्ति भंग, पानी का संकट
बुधवार रात के तूफान में क्षतिग्रस्त विद्युत पोल।  

-शहर ही नहीं, ग्रामीण इलाको में बड़ी संख्या में विद्युत पोल गिरे हैं, जिन्हें बदलने का काम शुरू हो चुका है

बिजली सप्लाई ठप, रात अंधेरे में और सुबह पानी का संकट

तूफान के दौरान आगरा के शहरी और देहात क्षेत्रों में दर्जनों स्थानों पर बिजली के खंभे टूट गए और लाइनें गिर गईं। इसका असर यह हुआ कि पूरी रात लोगों को अंधेरे में गुजारनी पड़ी। कई इलाकों में ट्रांसफॉर्मर जल जाने के कारण विद्युत आपूर्ति अभी तक बहाल नहीं हो सकी है। यमुना पार के सुशील नगर, कछपुरा और इरादतनगर के तोर गांव सहित कई जगहों पर बिजली के पोल और तार टूट गए।

अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में पूरी रात बिजली नहीं रही। शहरी क्षेत्र के कुछ इलाकों में रात एक बजे के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हो गई थी जबकि तमाम क्षेत्र ऐसे थे जहां पूरी रात बिजली नहीं रही। मारुति एस्टेट में सुबह दस बजे बिजली आपूर्ति सुचारू हो सकी।

गुरुवार सुबह सबसे बड़ी समस्या पानी की किल्लत के रूप में सामने आई। बिजली न होने से गांवों में मोटरें नहीं चल सकीं। लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए परेशान दिखे। महिलाएं बाल्टियां लेकर दूर-दूर तक पानी की तलाश में भटकती रहीं।

दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम की टीमें गुरुवार सुबह से मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं। टूटे पोल बदले जा रहे हैं और तार जोड़े जा रहे हैं। कई रास्तों से पेड़ों को हटाया जा चुका है, ताकि यातायात सामान्य हो सके।

आवागमन प्रभावित, सड़कों पर गिरे पेड़ बने बाधा

यमुना पार, ताजगंज, फतेहाबाद रोड, दयालबाग, अछनेरा, खंदौली और किरावली, बाह, पिनाहट जैसे कई इलाकों की सड़कों पर पेड़ गिरने से रास्ते आंशिक या पूर्ण रूप से बंद हो गए। कई जगहों पर आज सुबह भी रास्ते अवरुद्ध थे। सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम जारी था।

चलती कार पर गिरा पेड़, कई हादसे दर्ज

आगरा शहर में कोठी मीना बाजार के पास तेज आंधी के दौरान एक पेड़ चलती कार पर गिर गया, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और राह चलता एक व्यक्ति दब गया। सदर क्षेत्र में एक भारी होर्डिंग गिरने से वहां खड़ी कार को नुकसान पहुंचा। शहर भर में चाट स्टाल और ठेले भी तेज हवाओं की चपेट में आकर बिखर गए। रात आई तेज हवाओं ने शहर के प्रमुख स्ट्रीट फूड बाजारों—सदर, संजय प्लेस और राजपुर चुंगी में लगे चाट व अन्य ठेलों को भारी नुकसान पहुंचाया।

अरतौनी गांव में एक विद्युत पोल गिरने से उसके पास मौजूद कई श्रमिकों की जान बाल-बाल बची। यह पोल पहले से ही जर्जर था और गांव के लोग लम्बे समय से इसे बदलने की मांग कर रहे थे, लेकिन जेई ने इस मांग को अनसुना किया।

गांव में लगी आग, आधा दर्जन मकानों को नुकसान

आंधी के दौरान इरादतनगर के तोर गांव में एक बस्ती में आग लग गई, जिससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। आग से छह से अधिक घरों को क्षति पहुंची है। प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों में जुटी हैं।

SP_Singh AURGURU Editor