खेलते-खेलते बुझ गई किलकारी: पानी से भरे ड्रम में गिरकर डेढ़ वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, आगरा के बाह में हुआ हादसा
आगरा। जनपद आगरा के कस्बा बाह स्थित मोहल्ला खटीक टूला में शुक्रवार को एक हृदयविदारक हादसे में डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे की डूबने से मौत हो गई। घर के बाहर खेलते समय मासूम अचानक पशुओं के लिए रखे पानी से भरे ड्रम में गिर गया। जब तक परिजनों की नजर पड़ी, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना के समय कान्हा नाम का बच्चा घर के आंगन के पास खेल रहा था। परिजनों के अनुसार। पशुओं के लिए आधे कटे हुए ड्रम पानी से भरा हुआ था। खेलते-खेलते मासूम का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे ड्रम के अंदर गिर गया। कुछ देर बाद जब बच्चे की आवाज नहीं आई तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, इसी दौरान ड्रम में झांकने पर बच्चा पानी में डूबा मिला।
पिता अखिलेश और अन्य परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को ड्रम से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाह लेकर पहुंचे, जहां मौजूद चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीत्कार और कोहराम मच गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। पड़ोसी और रिश्तेदार परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे रहे।
घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। चूंकि मामला दुर्घटनावश डूबने से मौत का है, इसलिए परिजनों की सहमति से आवश्यक औपचारिकता पूरी की गई।
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि घरों में खुले और पानी से भरे बर्तनों से छोटे बच्चों को कितना खतरा हो सकता है। प्रशासन और समाज दोनों के लिए यह घटना एक चेतावनी है कि मासूमों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता जरूरी है।