बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में वकील के भाई की गोली मारकर हत्या, उधार के पैसे मांगने पर ले ली जान

बरेली। बरेली जिले के फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा बिलसंडी में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब पुरानी रंजिश और उधार के पैसों की किस्त को लेकर हुए विवाद में एक वकील के छोटे भाई की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया।

Jan 20, 2026 - 14:21
 0
बरेली के फरीदपुर क्षेत्र में वकील के भाई की गोली मारकर हत्या, उधार के पैसे मांगने पर ले ली जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान योगेश यादव (21) के रूप में हुई है, जो स्थानीय अधिवक्ता मनोज यादव का छोटा भाई था। ग्रामीणों के मुताबिक योगेश ने गांव के कुछ लोगों को उधार पर पैसे दे रखे थे, जिनकी किस्तों की वसूली को लेकर लंबे समय से तनाव चला आ रहा था। सोमवार शाम इसी मुद्दे पर विवाद हुआ और आरोपियों ने योगेश पर गोली चला दी।

गोली लगते ही योगेश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण उसे आनन-फानन में फरीदपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान सोमवार रात उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह और थाना प्रभारी चमन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, ग्रामीणों से पूछताछ की और अहम साक्ष्य जुटाए। एहतियातन गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।

क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।

SP_Singh AURGURU Editor