आग में फंसी तीन जिंदगियों को बचाने वाले फायरकर्मी रामकेश गुर्जर का लीडर्स आगरा ने किया सम्मान

विजय नगर कॉलोनी की बहुमंज़िली इमारत में लगी भीषण आग में तीन नागरिकों की जान बचाने वाले संजय प्लेस फायर स्टेशन के बहादुर फायरकर्मी रामकेश गुर्जर को सामाजिक संस्था लीडर्स आगरा परिवार ने सम्मानित कर सेल्यूट किया।

Dec 11, 2025 - 18:30
 0
आग में फंसी तीन जिंदगियों को बचाने वाले फायरकर्मी रामकेश गुर्जर का लीडर्स आगरा ने किया सम्मान
संजय प्लेस फायर स्टेशन में फायरकर्मी रामकेश गुर्जर को सम्मानित करते लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन और अन्य।

आगरा। कुछ दिन पूर्व विजय नगर कॉलोनी में बहुमंज़िली बिल्डिंग में लगी भीषण आग ने अनेक लोगों की जान जोखिम में डाल दी थी। आग की भयावह लपटों और धुएं से भरे वातावरण में तीन नागरिक ऐसी स्थिति में फंस गए जहां से बाहर निकलना लगभग असंभव प्रतीत हो रहा था। इसी नाज़ुक घड़ी में संजय प्लेस फायर स्टेशन के फायरकर्मी रामकेश गुर्जर आगे आए और अपनी जान जोखिम में डालते हुए तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकालकर अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।

उनकी इस वीरता और मानव जीवन बचाने वाली दक्षता से प्रभावित होकर लीडर्स आगरा परिवार ने उन्हें संजय प्लेस फायर स्टेशन पर जाकर सम्मानित किया। संस्था के महामंत्री सुनील जैन के नेतृत्व में पहुंची टीम ने रामकेश गुर्जर को ससम्मान अभिनंदन किया और उन्हें भगवान राम की प्रतिमा भेंट की।

सम्मान समारोह के दौरान फायर स्टेशन प्रभारी सोमदत्त शर्मा को भी इलायची की माला पहनाकर उनके नेतृत्व एवं पूरी टीम के सराहनीय कार्य के लिए नागरिकों की ओर से आभार व्यक्त किया गया।

इस अवसर पर सुनील जैन ने कहा कि फायरकर्मी रामकेश गुर्जर ने असाधारण साहस दिखाकर तीन लोगों को जीवनदान दिया। यह पूरी तरह प्रशंसनीय और प्रेरणादायी है।

सम्मान कार्यक्रम में सुनील बग्गा, रोबिन जैन, अवधेश उपाध्याय, पूजा भोमिक, सुन्दर लाल चेतवानी, संजय कुमार एडवोकेट, ओमप्रकाश मेडतवाल, राहुल जैन सहित कई लोग उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor