स्वच्छता में आगरा की उपलब्धि पर नगर आयुक्त का लीडर्स आगरा और तपन फाउंडेशन ने किया सम्मान
आगरा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में आगरा को देशभर में 10वां और उत्तर प्रदेश में दूसरा स्थान दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल का आज लीडर्स आगरा और तपन फाउंडेशन ने विशेष रूप से सम्मान किया। नगर निगम कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आयुक्त को शॉल ओढ़ाकर और प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। इस मौके पर समस्त निगम कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की गई।
लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन और पार्षद शरद चौहान ने उन्हें शॉल ओढ़ाई, वहीं सुनील बग्गा, राहुल जैन, रोबिन जैन और एडवोकेट संजय कुमार ने प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
इस दौरान लीडर्स आगरा और तपन फाउंडेशन ने सुझाव दिए कि जलभराव से निजात दिलाने के लिए सड़कों के साथ नालियों का निर्माण कराया जाए, नाला सफाई कम से कम चार माह पूर्व शुरू हो, और नालों के किनारे खरंजा बनाया जाए ताकि सफाई संसाधन वहां तक पहुंच सकें।
सम्मान प्राप्त करते हुए नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने स्वच्छता अभियान में जनता के सहयोग और निगम टीम की मेहनत को श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि शहर को पोलोथिन मुक्त बनाने के लिए बड़े स्तर पर कपड़े के थैले वितरित किए गए, जिससे आमजन में जागरूकता बढ़ी है।
इस मौके पर पार्षद विक्रांत कुशवाहा, सुनील जैन, राहुल जैन, रोबिन जैन और एडवोकेट संजय कुमार सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।
Bottom of Form