ब्रज की गोपियों से सीखो भगवान से प्रेम करना : चिन्मयानंद बापू

आगरा। बल्केश्वर पार्क में श्रीमद् भागवत कथा का दिव्य प्रवाह भक्ति का अनुपम सागर बन गया है। विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस कथा के दूसरे दिन राष्ट्रीय संत चिन्मयानंद बापू ने कहा कि यह कथा मनुष्य को विषयानंद से निकालकर ब्रह्मानंद में ले जाती है। हजारों भक्त-श्रद्धालुओं से खचाखच भरे पंडाल में उन्होंने जीवन के सत्य, मृत्यु की अनिवार्यता और प्रभु भक्ति की महिमा को सरल और भावपूर्ण शैली में समझाया।

Aug 23, 2025 - 19:07
 0
ब्रज की गोपियों से सीखो भगवान से प्रेम करना : चिन्मयानंद बापू
बल्केश्वर पार्क में श्रीमद भागवत कथा सुनाते कथा व्यास संत चिन्मयानंद बापू।

प्रभु भक्ति का सार

बापू ने कहा कि हम हर पल मृत्यु की ओर बढ़ते जा रहे हैं, फिर भी जन्मदिन का उत्सव मनाते हैं। परमात्मा ने हमें मोक्ष पाने के लिए भेजा है, किंतु हम विषय-वासनाओं में उलझे हुए हैं। यह तन मोक्ष का साधन है, इसे व्यर्थ नहीं गँवाना चाहिए।
उन्होंने समझाया कि राजा परीक्षित ने मृत्यु का भान पाकर भागवत कथा का श्रवण किया और जीवन धन्य कर लिया। इसी प्रकार हमें भी चिंता छोड़ प्रभु का चिंतन करना चाहिए। उदासी को त्यागकर भगवान की तरह मुस्कुराना चाहिए और ब्रज की गोपियों की तरह निष्काम भक्ति करनी चाहिए।

भक्ति में डूबे भक्त

कथा के दौरान- मेरी लगी श्याम संग प्रीत, यह दुनिया क्या जाने... भजन गूंजा तो श्रद्धालु सुध-बुध खोकर भावविभोर हो गए। वातावरण में भक्ति और आनंद की तरंगें फैल गईं।

चुटकी लेते हुए बापू ने कहा कि स्वामी रामदेव योग में कहते हैं कि सांस को बाहर छोड़ो, लेकिन हम लोग हैं कि सास को बाहर छोड़ देते हैं। इस पर श्रोताओं के ठहाके गूंज उठे।

विश्व कल्याण मिशन ट्रस्ट के मुख्य संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल, मैनेजिंग ट्रस्टी मुरारी लाल गोयल और ट्रस्टी सुमन गोयल ने आगरावासियों से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे बल्केश्वर पार्क पहुंचकर कथा श्रवण कर जीवन धन्य बनाने का आह्वान किया। प्रयास फाउंडेशन ने कथा की व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

आरती में ये रहे मौजूद

कथा विश्राम पर भागवत की आरती उतारने वालों में प्रमुख रूप से सुगंधी परिवार की श्रीमती विनीता सुगंधी, नमिता सुगंधी, सोहिनी सुगंधी, कंचन सुगंधी, नेहा सुगंधी, डीआईजी शैलेश पांडे के पिताश्री एनएन पांडे, डीसीपी यातायात अभिषेक अग्रवाल व मानसी अग्रवाल, तीरथ कुशवाह, कमलेश कुशवाह, नेहा गोयल, विनोद गोयल सेवला, हरिओम गोयल, पार्षद पूजा बंसल, विशाखा अग्रवाल, भोलानाथ अग्रवाल, केएम सिंघल, राकेश गुप्ता, ममता सिंघल, कुमकुम उपाध्याय, आशा अग्रवाल और आदर्श नंदन गुप्त शामिल रहे। संचालन मयंक वैद्य ने किया।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor