आगरा में चंबल के बीहड़ में तेंदुए का कहर: गाय पर हमला, चरवाहों ने खदेड़कर बचाई जान
आगरा। चंबल के बीहड़ों में उस समय हड़कंप मच गया जब एक तेंदुए ने पलोखरा गांव के पास खुले में चर रही गाय पर अचानक हमला बोल दिया। यह घटना थाना मनसुखपुरा क्षेत्र के अंतर्गत चंबल बीहड़ इलाके की है। चरवाहों की सूझबूझ और बहादुरी से गाय की जान बच गई।
बताया गया कि गाय जंगल किनारे चर रही थी, तभी झाड़ियों में छिपा तेंदुआ अचानक झपटा। तेंदुए के अचानक हमले की वजह से गाय फिसलती हुई नीचे खाई में जा गिरी। इससे गाय को गंभीर चोटें भी आई हैं।
गाय के खाई में गिरने के बाद भी तेंदुआ हमलावर था। पास ही मौजूद चरवाहों ने अपने लाठी-डंडों से तेंदुए को खदेड़ दिया। इसके बाद मौके पर पहुंचे अन्य ग्रामीणों की मदद से करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद रस्सियों और लकड़ी की मदद से गाय को खाई से निकाला गया। गाय के शरीर पर तेंदुए पंजों और दांतों के गहरे जख्म पाए गए। प्राथमिक उपचार के लिए उसे नजदीकी पशु चिकित्सालय ले जाया गया।
इस घटना के बाद से क्षेत्र में तेंदुए को लेकर भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ पहले भी मवेशियों पर हमला कर चुका है लेकिन पहली बार दिन में गांव के इतने नजदीक आ गया। वन विभाग को सूचित कर दिया गया है, लेकिन अब तक मौके पर कोई टीम नहीं पहुंची है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बीहड़ क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए नियमित गश्त और सुरक्षा उपाय बढ़ाए जाएं।