अहिल्याबाई होल्कर की तरह सीएम योगी के कार्यों को भी याद रखेगी आने-वाली पीढ़ी- उप राष्ट्रपति

आगरा। उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज यहां कहा कि जैसा कार्य लोकमाता अहिल्याबाई ने उस दौर में किया था, वैसा ही कार्य आज उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर रहे हैं। काशी और अयोध्या की कायापलट कर दी है। मथुरा भी बदलेगा। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भी वैसे ही याद रखेंगी, जैसे हम लोकमाता अहिल्याबाई को करते हैं।

Jun 1, 2025 - 19:35
 0
अहिल्याबाई होल्कर की तरह सीएम योगी के कार्यों को भी याद रखेगी आने-वाली पीढ़ी- उप राष्ट्रपति
जीआईसी ग्राउंड पर अहिल्याबाई होल्कर जयंती समारोह को संबोधित करते उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़।

-300वीं जयंती पर आगरा में हुए समारोह में उप राष्ट्र्पति ने कहा- लोकमाता न्यायप्रिय और नारी सशक्तिकरण की जननी थीं

समारोह में जन समुदाय का अभिवादन करते उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और सीएम योगी आदित्यनाथ। 

उप राष्ट्रपति आगरा के जीआईसी ग्राउंड पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित एक वृहद समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल इस कार्यक्रम के आयोजक थे। इस दौरान यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई अन्य विशिष्ट अतिथि भी मौजूद रहे। 

सेना का पराक्रम और पहलगाम का जवाब

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने भाषण की शुरुआत भारतीय सेना के पराक्रम को याद करते हुए की। उन्होंने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का उल्लेख किया और कहा, हमारे दुश्मनों ने जो कायरता दिखाई, उसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया। हमने दुश्मन के घर में घुसकर उन्हें ध्वस्त किया। हमारे उत्तर प्रदेश में ही बनी ब्रह्मोस की गूंज दुश्मनों के कानों में गूंजती रहेगी।

अहिल्याबाई से भावनात्मक जुड़ाव

उपराष्ट्रपति धनखड़ ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर से अपने जुड़ाव को रेखांकित करते हुए कहा, लोकमाता अहिल्याबाई धनगर थीं और मैं धनखड़ हूं। जो हम पर हाथ डालेगा, उसे छोड़ेंगे नहीं। यही सीख हमें माता अहिल्याबाई से मिलती है। उन्होंने यह भी कहा कि वे एक किसान परिवार से आते हैं और महारानी अहिल्याबाई भी कृषक परिवार से थीं।

न्यायप्रियता और नारी शक्ति की अग्रदूत

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की धर्मपत्नी को लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा भेंट करते प्रो. एसपी सिंह बघेल और उनकी बेटी डॊ. सलोनी बघेल। 

उप राष्ट्रपति ने अहिल्याबाई होल्कर को न्यायप्रिय और नारी सशक्तिकरण की जननी बताया। उन्होंने बताया, बहुत कम लोग जानते हैं कि अहिल्याबाई ने अपनी सेना में महिलाओं की टुकड़ी बनाई थी। आज जब भारतीय सेना में महिलाओं को बड़ा स्थान मिला है, तो उनकी आत्मा प्रसन्न होती होगी।

योगी सरकार की सुशासन नीति की सराहना

उप राष्ट्रपति ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी नेतृत्व शैली की खुलकर तारीफ करते हुए कहा, आज उत्तर प्रदेश का मतलब है- सुशासन, क़ानून का राज। ये योगी जी ने करके दिखाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री को काम में विश्वास रखने वाला नेता बताया।

काशी में मूर्तियां और महिला हॉस्टल की योजना

श्री धनखड़ ने 2021 में काशी विश्वनाथ में योगी सरकार द्वारा आदि शंकराचार्य और माता अहिल्याबाई की प्रतिमाओं के अनावरण को दूरदर्शी और ऐतिहासिक बताया तथा कहा कि मुख्यमंत्री साधुवाद के पात्र हैं।
उन्होंने यह भी सराहा कि मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सात स्थानों पर कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल बनाने की घोषणा की है, जो अहिल्याबाई के नाम पर होंगे।

मंदिर निर्माण और राजकोष का त्याग

उपराष्ट्रपति ने अहिल्याबाई की धार्मिक निष्ठा और त्याग को याद करते हुए कहा कि अहिल्याबाई ने सोमनाथ, काशी विश्वनाथ, महाकालेश्वर, ओंकारेश्वर, रामेश्वरम जैसे अनेक मंदिरों का पुनर्निर्माण कराया, लेकिन उन्होंने इसके लिए कभी भी राजकोष का उपयोग नहीं किया। वे स्वयं की आय से ही यह कार्य करती थीं।

आज का दिन प्रेरणा का दिन

उपराष्ट्रपति ने अपने भाषण का समापन इस संदेश के साथ किया, आज का दिन केवल श्रद्धांजलि का नहीं, बल्कि प्रेरणा का दिन है। हमें अहिल्याबाई से यह सीखना होगा कि शासन सेवा का माध्यम है, न कि सत्ता का।

उप राष्ट्रपति के भाषण से पूर्व यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोकमाता अहिल्याबाई के कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला और औरैया मेडिकल कॊलेज तथा यूपी में सात जगहों पर कामकाजी महिलाओं के लिए लोकमाता के नाम पर हॊस्टल बनाने की घोषणा की।

अन्य विशिष्ट अतिथियों की मुख्य-मुख्य बातें

-श्रीराम शिंदे (सभापति, महाराष्ट्र विधान परिषद) ने बताया कि जन्म स्थली (महाराष्ट्र) व कर्म स्थली (मध्य प्रदेश) दोनों स्थानों पर स्मारक बन रहे हैं।

-बंडारू दत्तात्रेय (राज्यपाल, हरियाणा) ने बेटी-बचाओ, बेटी-पढ़ाओ जैसी योजनाओं का हवाला देते हुए शिक्षा को नारी सशक्तिकरण की कुंजी बताया।

केंद्रीय राज्यमंत्री एस. पी. सिंह बघेल ने उप-राष्ट्रपति व मुख्यमंत्री को राजमाता की प्रतिमाएं भेंट कर स्वागत किया; उनके पुत्र पार्थ बघेल व पुत्री डॉ. सलोनी बघेल भी मंच पर रहे। भाजपा नेता दिगंबर धाकरे और पार्षद गौरव शर्मा ने भी उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

SP_Singh AURGURU Editor