बरेली के होटल में न्यू ईयर पार्टी में तय समय के बाद शराब और डीजे, रोकने पर पुलिस से मारपीट, मैनेजर समेत तीन जेल भेजे गये

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। न्यू ईयर सेलिब्रेशन की आड़ में कानून को ठेंगा दिखाना शहर के एक नामी होटल को भारी पड़ गया। 31 दिसंबर की रात बरेली के सोबती कॉन्टिनेंटल होटल में तय समय के बाद शराब परोसने और तेज डीजे बजाने की शिकायत पर पहुंची पुलिस टीम पर होटल प्रबंधन और स्टाफ ने हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों से अभद्रता, मारपीट और जानलेवा हमले जैसी गंभीर घटना के बाद पुलिस ने होटल मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Jan 2, 2026 - 19:49
 0
बरेली के होटल में न्यू ईयर पार्टी में तय समय के बाद शराब और डीजे, रोकने पर पुलिस से मारपीट, मैनेजर समेत तीन जेल भेजे गये
बरेली में पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में गिरफ्तार होटल मैनेजर व दो अन्य।

एक बार बंद कराया डीजे फिर से चालू कर दिया था

थाना बारादरी पुलिस के अनुसार, न्यू ईयर की रात होटल में पार्टी का आयोजन किया गया था। रात 12 बजे नववर्ष का स्वागत होने के बाद भी करीब 01:00 बजे के बाद शराब परोसना और तेज आवाज में डीजे बजाना जारी रहा, जबकि शहर के अन्य होटलों और लॉन्स में कार्यक्रम समाप्त हो चुके थे।
सूचना पर चौकी प्रभारी रुहेलखण्ड ने मौके पर पहुंचकर डीजे बंद कराया, लेकिन इसके बावजूद नियमों की अनदेखी जारी रही।

दोबारा सूचना पर पहुंची पुलिस से मारपीट

रात करीब 02:40 बजे पुनः होटल में शराब परोसे जाने और तेज डीजे की शिकायत मिली। इस पर चौकी रुहेलखण्ड से उप-निरीक्षक सौरभ तोमर और हेड कांस्टेबल साबिर अली को मौके पर भेजा गया।
पुलिस द्वारा डीजे बंद कराने को कहने पर होटल मैनेजर मसी आलम, अकाउंटेंट पवनेश कुमार, इवेंट आयोजक एवं होटल मालिक के रिश्तेदार राघव कपूर, मालिक के पुत्र और 4-5 अन्य लोगों ने पुलिस से गाली-गलौच, धमकी और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए पुलिसकर्मियों को गंभीर चोट पहुंचाने और जान से मारने का प्रयास किया गया।

नशे में थे आरोपी, पुलिस पर हमला

सूचना मिलते ही थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। उस समय सभी आरोपी नशे की हालत में थे। पुलिस के पहुंचते ही कई आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की गई। पुलिस ने मसी आलम (निवासी रसूलपुर नंगला, थाना चांदपुर, बिजनौर, हाल मैनेजर सोबती कॉन्टिनेंटल), पवनेश कुमार (निवासी ग्राम लौलापुर, थाना हैदराबाद, लखीमपुर खीरी, हाल सोबती कॉन्टिनेंटल) और राघव कपूर (निवासी सिविल लाइन एल-ए अपार्टमेंट, थाना कोतवाली, बरेली) को गिरफ्तार कर लिया।

तीनों के खिलाफ 109/121(2)/132/115(2)/352/223 बीएनएस, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम की धारा 15 एवं ध्वनि प्रदूषण अधिनियम की धारा 5/6 सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। 3-4 अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रभारी निरीक्षक श्री पांडे ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor