सस्ते मनोरंजन का लालच पड़ा भारी, फर्जी गेमिंग एप ने युवक से उड़ा दिए 25 लाख
आगरा। आगरा के सदर क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर एक युवक से 25 लाख रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सस्ते में मनोरंजन और गेम खेलकर लाखों कमाने के लालच में युवक ने अनजाने सोर्स से मिली एक फर्जी गेमिंग एप डाउनलोड कर ली, जो बाद में उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल साबित हुई।
आगरा। आगरा के सदर क्षेत्र में ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर एक युवक से 25 लाख रुपये की साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सस्ते में मनोरंजन और गेम खेलकर लाखों कमाने के लालच में युवक ने अनजाने सोर्स से मिली एक फर्जी गेमिंग एप डाउनलोड कर ली, जो बाद में उसकी जिंदगी की सबसे बड़ी भूल साबित हुई।
सदर के हस्तिनापुरी निवासी उमेश सिंह ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उमेश के अनुसार, उन्होंने सोशल मीडिया पर दिखे एक ऑनलाइन गेम के विज्ञापन को देखकर संबंधित एप डाउनलोड की थी। एप में गेम खेलने पर मोटी रकम जीतने का दावा किया गया था। शुरुआती दौर में उन्हें कुछ रकम जीतने का झांसा भी दिया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया।
जब जीती गई रकम को खाते में ट्रांसफर करने की बात आई तो एप के जरिए उनसे बैंक खाते से जुड़ी जानकारी मांगी गई। इसके बाद उनके खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन में कुल 25 लाख रुपये कट गए। खाते से पैसे निकलने की जानकारी मिलते ही युवक के होश उड़ गए।
पीड़ित ने तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई और इसके बाद सदर थाने में भी तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एडीसीपी सिटी आदित्य कुमार ने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी गेमिंग एप, मोबाइल नंबर और बैंक खातों के जरिए लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस एप से जुड़े तकनीकी विवरण, मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जांच कर रही है।
उन्होंने आम लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्ले स्टोर के अलावा किसी भी अनजान सोर्स से एपीके फाइल डाउनलोड करना बेहद खतरनाक है। ऐसे एप फोन में मौजूद डेटा और बैंकिंग जानकारी चुरा सकते हैं। पुलिस ने अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग या कमाई से जुड़े किसी भी लालच में न आएं। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें या नजदीकी थाने की साइबर हेल्प डेस्क पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।