आगरा में लक्स मोटर शो–एडिशन 2 का शुभारंभ, 11 लक्ज़री ऑटोमोबाइल ब्रांड्स की कारें प्रदर्शित
आगरा। लक्ज़री कारें अब केवल गति और स्टेटस का प्रतीक नहीं रहीं, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और भविष्य की मोबिलिटी की दिशा तय करने वाला माध्यम बन चुकी हैं। इसी सोच और विज़न का सजीव उदाहरण शुक्रवार को फतेहाबाद रोड स्थित होटल ग्रैंड मर्क्योर में देखने को मिला, जहां द कार मॉल द्वारा आयोजित लक्स मोटर शो – एडिशन 2 का भव्य शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किशोर खन्ना, चेयरमैन – रोमसन्स ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज़ ने दीप प्रज्वलित कर शो का उद्घाटन किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आगरा जैसे ऐतिहासिक शहर में इस स्तर का आयोजन यहां के बदलते उपभोक्ता व्यवहार और भविष्य की मोबिलिटी को लेकर बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। आज ऑटोमोबाइल उद्योग इलेक्ट्रिक और पर्यावरण-अनुकूल वाहनों की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है और ऐसे मंच उपभोक्ताओं को नई तकनीकों से सीधे रूबरू कराने का कार्य कर रहे हैं।
द कार मॉल के संस्थापक शिवम चावला ने बताया कि दो दिवसीय लक्स मोटर शो – एडिशन 2 में 11 अंतरराष्ट्रीय लक्ज़री ऑटोमोबाइल ब्रांड्स भाग ले रहे हैं, जो किसी भी टियर-2 शहर के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पहले संस्करण की सफलता के बाद इस बार शो को और अधिक भव्य, तकनीक-संपन्न और भविष्य-केंद्रित बनाया गया है। इस संस्करण में लक्ज़री कारों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों और नेक्स्ट-जेन मोबिलिटी पर विशेष फोकस रखा गया है, जिससे बदलते ऑटोमोबाइल परिदृश्य की स्पष्ट झलक मिलती है।
इस अवसर पर सृष्टि चावला ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहन केवल तकनीकी प्रगति का प्रतीक नहीं हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक ठोस कदम भी हैं।
लक्स मोटर शो – एडिशन 2 में आगंतुकों के लिए लक्ज़री कार डिस्प्ले, इमर्सिव टेस्ट ड्राइव, क्यूरेटेड लाइफस्टाइल ज़ोन्स और प्रीमियम नेटवर्किंग का विशेष अनुभव तैयार किया गया है, जिसने आगरा के ऑटोमोबाइल प्रेमियों में खासा उत्साह भर दिया है।
इस अवसर पर होटल ग्रैंड मर्क्योर के महाप्रबंधक विवेक महाजन, अमित खत्री, रोहित डेंग, शिखा जैन सहित कई गणमान्य अतिथि एवं ऑटोमोबाइल जगत से जुड़े प्रमुख लोग उपस्थित रहे।