कारगिल विजय की गूंज से गूंजा माधव भवन, संस्कार भारती की नमन काव्य गोष्ठी में कवियों ने वीर शहीदों को किया नमन
आगरा। भारतीय सेना की कारगिल विजय की गौरवगाथा और वीर सैनिकों के बलिदान को समर्पित संस्कार भारती, आयोजन समिति आगरा पश्चिम, आगरा महानगर एवं ब्रज प्रांत द्वारा 19वीं नमन काव्य गोष्ठी का आयोजन माधव भवन, जयपुर हाउस, आगरा में किया गया। काव्य संध्या में साहित्यकारों और कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से भारतीय सेना के शौर्य, राष्ट्रभक्ति और शहीदों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कार भारती के अखिल भारतीय अधिकारी एवं प्रचारक बांकेलाल गौड़, आचार्य यादराम सिंह कविकिंकर, वरिष्ठ कवि अशोक गोयल, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. ब्रज बिहारी लाल बिरजू एवं प्रांतीय महामंत्री नन्द नन्दन गर्ग ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
मुख्य वक्ता बांकेलाल गौड़ ने कहा कि भारतीय सेना द्वारा कारगिल विजय करना देश के गौरव और स्वाभिमान की ऐतिहासिक घटना है। उन्होंने कहा कि ऐसी वीरगाथाओं का पुनर्स्मरण नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति और सही राष्ट्रीय दृष्टिकोण स्थापित करने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में ब्रजभाषा की वरिष्ठ कवयित्री मीना शर्मा ने सरस्वती वंदना का सस्वर गायन किया। इसके बाद कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से वीर सैनिकों और भारत माता के प्रति भावनाएं व्यक्त कीं।
कवि नन्द नन्दन गर्ग ने कहा—
"अब मत व्यथा के गीत सुनाओ,
कुछ अपनी कहो, कुछ हमसे कहलवाओ।"
कवयित्री सुमन शर्मा पावक ने कहा—
"सरहद पार बैठे हैं जो, कह दो उनसे जाकर,
भूल जाएं स्वप्न सुहाने, खुश होना हमें मिटाकर।"
वरिष्ठ कवि अशोक गोयल ने कहा—
"कारगिल कश्मीर हमारा है,
इस पर जी जान लुटा देंगे।"
कवि प्रभुदत्त उपाध्याय ने कहा—
"हम भूल रहे संस्कार,
यहां पर झूठा है सबका प्यार।"
संजय कुमार एडवोकेट ने कहा—
"बेटा हूं भारत माता का,
दीपक हूं अंधेरी रातों का।"
कवि रूपेश कुलश्रेष्ठ ‘स्नेह’ ने कहा—
"मेरे देश के वीरों की गाथा,
मैं आज शान से कहता हूं।"
कवि डॉ. यशोयश ने कहा—
"भारत मां का चीरहरण अभिमान अधम जब लाएगा,
जंघा तोड़ दुर्योधन सा काल के गाल समाएगा।"
कवयित्री डॉ. नीलम भटनागर ने कहा—
"मैं देश के प्रति भूमिका का निर्वहन करूं,
दिए की लौ-सी जलूं, यही मेरा ध्वज वंदन होगा।"
काव्य गोष्ठी में वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवि डॉ. ब्रज बिहारी लाल बिरजू, अशोक गोयल उपाध्यक्ष, नन्द नन्दन गर्ग, भाग संघचालक अवधेश उपाध्याय, अलका शर्मा, आचार्य उमाशंकर पाराशर, चंद्रशेखर शर्मा ग्रीनमैन, मोहिनी भटनागर, सुमन शर्मा, रश्मि सिंह, राजीव क्वात्रा आगरावासी, राम अवतार शर्मा, वंदना तिवारी, रूपेश कुलश्रेष्ठ, राकेश शर्मा सहित अनेक कवियों ने काव्य पाठ किया।
कार्यक्रम का संचालन अलका शर्मा और संजय कुमार एडवोकेट ने किया। संयोजन प्रभुदत्त उपाध्याय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री ओम स्वरूप गर्ग ने किया।
इस अवसर पर एकल आरोग्य के अखिल भारतीय महामंत्री सतीश गुप्ता, अनिल भटनागर, मुकेश गुप्ता, मृदुल कुलश्रेष्ठ सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।