शमसाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का होगा अनावरण, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संभावित दौरे से प्रशासन अलर्ट

14 जून को शमसाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का अनावरण प्रस्तावित। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कीं। डीएम मनीष बंसल ने कार्यक्रम और जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। 30 हजार लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पेयजल, सुरक्षा, पार्किंग, हेलीपेड, ट्रैफिक और मंच व्यवस्था पर विशेष फोकस।

Jun 9, 2026 - 22:44
 0
शमसाबाद में महाराणा प्रताप की प्रतिमा का होगा अनावरण, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संभावित दौरे से प्रशासन अलर्ट
सभा स्थल का निरीक्षण करते जिलाधिकारी मनीष बंसल व अन्य अधिकारी।

आगरा। कस्बा शमसाबाद में 14 जून को वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के अनावरण एवं विशाल जनसभा के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रक्षा मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह के संभावित आगमन को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण स्थल और प्रस्तावित जनसभा स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन के लिए साफ-सफाई, मंच निर्माण, बैठने की व्यवस्था, ध्वनि प्रणाली, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा हेलीपेड की तैयारियों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने मंचीय व्यवस्था, डाइस प्लान, प्रतिमा अनावरण स्थल की सुरक्षा, विशिष्ट अतिथियों की बैठने की व्यवस्था तथा जनसभा स्थल पर आने वाले गणमान्य व्यक्तियों की सूची समय से तैयार करने के निर्देश भी दिए।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने विशेष रूप से पेयजल, छायादार पंडाल, शौचालयों की स्वच्छता तथा चिकित्सा सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन और पार्किंग स्थलों के चयन को लेकर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने अधिकारियों को आयोजन स्थल की नियमित मॉनिटरिंग करने के भी निर्देश दिए।

कार्यक्रम के आयोजक एवं पूर्व विधायक डॉ. राजेन्द्र सिंह ने बताया कि जनसभा में लगभग 30 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। सभा स्थल पर छायादार पंडाल, कुर्सियां, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भूपेन्द्र चौधरी सहित प्रदेश सरकार के अन्य मंत्री, विधायक एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल, एसडीएम फतेहाबाद स्वाती शर्मा,पीडी डीआरडीए रेनू कुमारी, डीपीआरओ मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।