महाराष्ट्र के सीएम फड़णवीस आगरा पहुंचे, सांसद चाहर के आवास पर गए
आगरा। छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर आगरा किला में आज शाम हो रहे शिवजन्मोत्सव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस आगरा पहुंच गए हैं। आगरा एयरपोर्ट पर उतरने के बाद श्री फड़णवीस सबसे पहले सांसद राज कुमार चाहर के खेरिया मोड़ स्थित आवास पर पहुंचे और वहां लगभग 40 मिनट तक रहे।

छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती पर यह कार्यक्रम महाराष्ट्र के ही एक संगठन द्वारा आयोजित किया जा रहा है। श्री फड़णवीस महाराष्ट्र सरकार के विमान से आगरा एयरपोर्ट पर पहुंचे। यहां उनकी अगवानी केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, यूपी के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, सांसद राज कुमार चाहर, मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह, जिला पंचायत अध्यक्ष डॊ. मंजू भदौरिया और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष प्रदीप भाटी, महानगर भाजपा के अध्यक्ष भानु महाजन और जिलाध्यक्ष गिर्राज सिंह कुशवाह ने की।
मुख्यमंत्री फड़णवीस एयरपोर्ट से सीधे सांसद चाहर के आवास पर पहुंचे और वहां 40 मिनट तक समय बिताया। इस दौरान मुख्यमंत्री को सांसद चाहर की पत्नी ने तिलक किया। परिवार के अन्य सदस्यों से भी मुलाकात की। महाराष्ट्र सरकार के मंत्री आशीष शेल्लार और महाराष्ट्र विधान परिषद के अध्यक्ष भी मुख्यमंत्री के साथ थे।
लल्लू बहू कैसी है, मैया बहुत बढ़िया है
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस जब सांसद राज कुमार चाहर के आवास पर थे तो वे सांसद की मां से भी मिले। सांसद की मां ने मुख्यमंत्री से अपने ही अंदाज में पूछा- लल्लू बहू कैसी है। उसी अंदाज में सीएम फड़णवीस ने कहा- मैया बहुत बढ़िया है बहू आपकी।