बरेली में ड्रग्स माफिया पर बड़ा प्रहार: पुलिस ने ट्रक से पकड़ा एक करोड़ का गांजा, दो तस्कर दबोचे

बरेली पुलिस ने मादक पदार्थों की गहरी जड़ें उखाड़ने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए एक करोड़ रुपये की कीमत का भारी गांजा जब्त किया है। तस्करी के लिए इस्तेमाल किया गया ट्रक जब्त करने के साथ दो आरोपी मौके से गिरफ्तार किए गए, जबकि मास्टरमाइंड फरार हैं।

Nov 15, 2025 - 21:31
 0
बरेली में ड्रग्स माफिया पर बड़ा प्रहार: पुलिस ने ट्रक से पकड़ा एक करोड़ का गांजा, दो तस्कर दबोचे
बरेली की भमोरा थाना पुलिस द्वारा ट्रक से बरामद किये गये गांजे के बारे में जानकारी देतीं एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा। 

-आरके सिंह-

बरेली। जिले की भमोरा पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों को करारा झटका देते हुए शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 153.69 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपये बताई गई है। इस सफलता के साथ-साथ पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक (नंबर यूके 06 सीसी 1027) और एक मोबाइल फोन भी सीज किया है। प्रकरण का मुकदमा भमोरा थाने में दर्ज कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

एसपी दक्षिणी अंशिका वर्मा ने बताया कि कार्रवाई शुक्रवार देर रात रम्पुरा–विशारतगंज मार्ग पर की गई। उपनिरीक्षक हीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम चेकिंग कर रही थी, तभी रम्पुरा तिराहे की तरफ से एक संदिग्ध ट्रक आता दिखाई दिया। रोकने पर चालक और उसका साथी घबरा गए और भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर मौके पर ही पकड़ लिया।
जांच में पाया गया कि ट्रक की बॉडी के अंदर छिपाकर 153.69 किलो सूखा गांजा रखा गया था, जिसे उड़ीसा से लाकर उत्तर प्रदेश में खपाने की तैयारी थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलम उर्फ अकरम (22 वर्ष) पुत्र आबिद, निवासी ग्राम पस्तौर, थाना शाहबाद, जिला रामपुर और इस्लाम खां (55 वर्ष) पुत्र मिंडू खां निवासी ग्राम पस्तौर, थाना शाहबाद, जिला रामपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे करीब एक महीने से फरमान पुत्र फारुख के ट्रक पर काम कर रहे थे।

राकेश यादव (निवासी दिल्ली) और फरमान (निवासी ग्राम पस्तौर, शाहबाद—रामपुर) ने उन्हें 40 हजार रुपये में ओडिशा से आसकपुर स्टेशन (थाना बिसौली) तक गांजा लाने के लिए तैयार किया था। हाईवे पर चेकिंग से बचने के लिए उन्होंने स्थानीय ग्रामीण मार्गों का सहारा लिया।
फरार तस्करों राकेश यादव व फरमान की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष सनी चौधरी, एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा, उपनिरीक्षक हीरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक श्यामवीर सिंह, हे0का0 मोहम्मद मोबीन, अखिलेश कुमार, कांस्टेबल मुस्तफा और चैतन्य प्रकाश शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor