भीमनगरी 2026 की बड़ी तैयारी: ग्यासपुरा की 12 बस्तियों में विकास का ब्लूप्रिंट, प्रशासन–आयोजन समिति में बनी ठोस सहमति

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित होने वाली भीमनगरी एवं शोभायात्रा को भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में इस वर्ष ग्यासपुरा क्षेत्र में व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे। भीमनगरी समारोह आयोजन समिति और प्रशासन के बीच कलेक्ट्रेट सभागार में हुई एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में यह निर्णय लिया गया कि ग्यासपुरा क्षेत्र की 12 चिन्हित बस्तियों में सड़क, नाली, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सामुदायिक भवनों के सौंदर्यीकरण के कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे कराए जाएंगे।

Feb 18, 2026 - 17:55
 0
भीमनगरी 2026 की बड़ी तैयारी: ग्यासपुरा की 12 बस्तियों में विकास का ब्लूप्रिंट, प्रशासन–आयोजन समिति में बनी ठोस सहमति
भीमनगरी में होने वाले विकास कार्यों को लेकर बुधवार को हुई बैठक में मौजूद जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी और आयोजन समिति के पदाधिकारी।

बैठक में पूर्व आयोजनों के अनुभवों को ध्यान में रखते हुए विकास के साथ-साथ सुरक्षा, यातायात और आपात सेवाओं की पुख्ता व्यवस्था पर विशेष मंथन किया गया। आयोजन समिति ने प्रस्तावित विकास कार्यों की विस्तृत सूची पुस्तिका जिलाधिकारी को सौंपते हुए शीघ्र कार्य प्रारंभ कराने की मांग रखी।

भीमनगरी आयोजन समिति के केंद्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि शोभायात्रा नाला काजीपाड़ा क्षेत्र से होकर गुजरती है, जहां बारिश के दौरान नालों व सीवर का पानी समस्या पैदा करता है। उन्होंने नगर निगम को समय रहते नालों की सिल्ट सफाई कराने के निर्देश जारी करने की आवश्यकता बताई, ताकि अंतिम समय में अव्यवस्था न हो।

समिति के महामंत्री श्याम जरारी ने बिजलीघर अंबेडकर पार्क स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा तक जाने वाली सीढ़ियों की मरम्मत, नाला काजीपाड़ा स्थित रेलवे पुल के दुरुस्तीकरण, तथा 14 अप्रैल को मेला स्थलों- नाला काजीपाड़ा, चक्की पाट आदि में सफाई, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित कराने पर जोर दिया।

क्षेत्रीय समिति अध्यक्ष सुभाष सागर ने जानकारी दी कि इस वर्ष ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी कोठी मीना बाजार में आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत शिब्द साहनी नगर, सागर वाली गली, पृथ्वीनाथ, तमोली पाड़ा, प्रकाश नगर, रामनगर, चन्दन नगर, नगला गंगाराम, प्रेम नगर सहित कुल 12 मोहल्लों को चिन्हित किया गया है। उन्होंने नगर निगम से शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर गलियों व नालियों के निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग रखी।

महामंत्री महेंद्र सिंह ने कहा कि नगर निगम, आगरा विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि दोहराव से बचते हुए गुणवत्तापूर्ण विकास संभव हो सके। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के सामुदायिक आंबेडकर भवनों की रंगाई-पुताई और सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव भी रखा।

बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, जिलाधिकारी आगरा, ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा की दृष्टि से टोरेंट पावर कंपनी शोभायात्रा मार्ग एवं भीमनगरी क्षेत्र में विद्युत तारों को दुरुस्त करे। फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय रखें। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग संयुक्त सर्वे कर वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन करें और नगर निगम शॉर्ट टर्म टेंडर के माध्यम से समय पर कार्य पूर्ण कराए, ताकि अंतिम समय की हड़बड़ी से बचा जा सके। वहीं ट्रैफिक पुलिस को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक में मौजूद अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि इस वर्ष भीमनगरी और शोभायात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए सभी विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।

इस अवसर पर पार्षद गजेंद्र पिप्पल, पूजा बाल्मीकि, राजू वर्मा, धर्मवीर, मुन्नालाल भारतीय सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor