रेल सेवाओं की बड़ी सौगात: आगरा–असारवा सुपरफास्ट का शुभारंभ, बरेली–बांदीकुई पैसेंजर भी फिर पटरी पर, केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल के प्रयासों से कनेक्टिविटी को नई रफ्तार
आगरा/बरेली। क्षेत्रीय रेल कनेक्टिविटी को मजबूती देने की दिशा में बुधवार को दो बड़ी सौगातें मिलीं। एक ओर आगरा कैंट–असारवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस (20178/20177) का विधिवत संचालन शुरू हुआ, वहीं दूसरी ओर लंबे समय से बंद पड़ी बरेली–बांदीकुई पैसेंजर ट्रेन सेवा को पुनः शुरू करने का निर्णय लिया गया। यह दोनों पहल को क्षेत्रीय विकास, व्यापार, पर्यटन और आम यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा कदम है।

कैंट स्टेशन पर मौजूद लोगों को संबोधित करते केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल।
आगरा कैंट स्टेशन से सुपरफास्ट ट्रेन को केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन अब आगरा और असारवा (अहमदाबाद) के बीच सीधी और तेज कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगी।
समय सारणी के अनुसार 20178 (आगरा कैंट–असारवा) 18:45 ➝ 11:00, 20177 (असारवा–आगरा कैंट): 15:00 ➝ 07:15। आगरा से बुधवार से रविवार और असारवा से गुरुवार से सोमवार यह ट्रेन संचालित होगी।
केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि यह निर्णय जनसाधारण की सुविधा और समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में रेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के संचालन से आगरा और अहमदाबाद के बीच यात्रा अधिक सुविधाजनक, तेज और नियमित होगी। इससे व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर विधायक आगरा छावनी डॉ. जी.एस. धर्मेश, डीआरएम आगरा गगन गोयल, आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टी.एन. अग्रवाल, दिगम्बर धाकरे, ओम प्रकाश चलनीवाले, अंकित गुप्ता, कुलदीप मीणा, पंकज अग्रवाल, रोहित कत्याल तथा एडीआरएम गिरीश कुमार,भूप सिंह पाल, महेश गर्ग, कृष्ण कुमार गोयल, राजीव गुप्ता, राकेश अवस्थी, पंकज अग्रवाल, गगन गोयल, गिरीश गुप्ता, अंकित गुप्ता, कुलदीप मीना सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसी क्रम में, यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए बरेली–बांदीकुई पैसेंजर रेल सेवा को भी पुनः शुरू करने का निर्णय लिया गया है। यह उपलब्धि मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल के सतत प्रयासों और रेल मंत्रालय के साथ प्रभावी पैरवी का परिणाम है।
इस पैसेंजर ट्रेन सेवा से विशेष रूप से दैनिक यात्री, विद्यार्थी, श्रमिक, किसान और छोटे व्यापारी लाभान्वित होंगे। यह सेवा बरेली, चंदौसी, अलीगढ़, आगरा, भरतपुर और बांदीकुई जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़ते हुए सस्ती और सुलभ यात्रा का विकल्प प्रदान करेगी।
यह पैसेंजर ट्रेन बरेली जंक्शन से शुरू होकर रामगंगा ब्रिज, बशारत गंज, निसोई, आंवला, र्योती बहोरा खेड़ा, करेंगी, दब्तरा, आसफपुर, सिसरका, चंदौसी जंक्शन, बहजोई, बबराला, राजघाट नरौरा, डिबाई, अतरौली रोड, हरदुआगंज, मंजूरगढ़ी, अलीगढ़ जंक्शन, दाउद खां, मंडराक, सासनी, हाथरस जंक्शन, पोरा, जलेसर रोड, चामरोला, बरहन जंक्शन, मितावली, एत्मादपुर, कुबेरपुर, छलेसर, यमुना ब्रिज, आगरा फोर्ट, ईदगाह, बिचपुरी, रायभा, अछनेरा जंक्शन, चिकसाना, भरतपुर जंक्शन, हेलक, नदबई, खेड़ली, घोसराना, मंडावर महवा रोड, करनपुरा, बीवाई, श्री घासी नगर होते हुए अंततः बांदीकुई जंक्शन तक जाएगी।