छीपीटोला में बड़ा खुलासा, ‘क्रॉम्पटन’ के नाम पर चल रहा था नकली वायर का धंधा, 99 बंडल बरामद, एक गिरफ्तार
आगरा। ताजनगरी आगरा में ब्रांडेड कंपनी क्रॉम्पटन के नाम पर नकली इलेक्ट्रिकल वायर बेचे जाने का पर्दाफाश हुआ है। यह पूरा खेल रकाबगंज थाना क्षेत्र के छीपीटोला बाजार में चल रहा था। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने दुकान पर छापा मारकर 99 बंडल नकली वायर बरामद किए हैं। मौके से एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि उसका भाई फरार बताया जा रहा है।
आगरा। ताजनगरी आगरा में ब्रांडेड कंपनी क्रॉम्पटन के नाम पर नकली इलेक्ट्रिकल वायर बेचे जाने का पर्दाफाश हुआ है। यह पूरा खेल रकाबगंज थाना क्षेत्र के छीपीटोला बाजार में चल रहा था। कंपनी की शिकायत पर पुलिस ने दुकान पर छापा मारकर 99 बंडल नकली वायर बरामद किए हैं। मौके से एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि उसका भाई फरार बताया जा रहा है।
ऐसे खुला मामला
मोहाली (पंजाब) स्थित आर.के. एंड एसोसिएट्स के ऑपरेशन मैनेजर अमित दूबे ने थाना रकाबगंज में मुकदमा दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि मै. क्रॉम्पटन ग्रेवियस कंज्यूमर इलेक्ट्रिकल्स लिमि. ने उनकी फर्म को यह अधिकार दिया है कि वे ब्रांड के नाम पर नकली सामान बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर सकते हैं। अमित दूबे को गुप्त सूचना मिली थी कि छीपीटोला बाजार में स्थित मै. वैभव इलेक्ट्रीकल (दुकान नं. 25/17/8) में क्रॉम्पटन नाम से नकली तार बेचे जा रहे हैं।
पुलिस और कंपनी की संयुक्त छापेमारी
सूचना के बाद अमित दूबे अपनी सहकर्मी रचना कपूर के साथ थाना रकाबगंज पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। एसआई कौशलेन्द्र सिंह, एसआई राजबाबू और कांस्टेबल हितेश पाल की टीम ने कंपनी प्रतिनिधियों के साथ मिलकर दुकान पर छापा मारा। छापेमारी के समय दुकान पर दो व्यक्ति मौजूद थे। काउंटर पर बैठे व्यक्ति ने अपना नाम यश जैन, और पीछे खड़े व्यक्ति ने अपना नाम वैभव जैन बताया।
नकली वायर की खेप बरामद
तलाशी के दौरान दुकान के अंदर रखे गए क्रॉम्पटन वायर के कुल 99 बंडल बरामद हुए। जिसमें 1.5 mm के 40 बंडल और 1.0 mm के 59 बंडल थे। जब यश जैन से इन तारों के बिल या खरीद संबंधी दस्तावेज मांगे गए, तो वह कुछ भी नहीं दिखा सका। कंपनी प्रतिनिधियों ने मौके पर भौतिक परीक्षण कर इन्हें नकली घोषित किया। छापेमारी के दौरान वैभव जैन मौके से भाग गया, जबकि यश जैन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बरामद नकली वायरों को पुलिस ने चार प्लास्टिक बोरों में सील किया और थाने ले गई।
अमित दूबे की तहरीर पर थाना रकाबगंज में यश जैन और वैभव जैन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट 1957 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपी वैभव जैन की तलाश जारी है। नकली सामान की सप्लाई नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा रही है।