गौ सेवा को जीवन का संकल्प बनाएं, पूजा घर में केवल देसी गौघृत का दीप जलाएं: रसराज महाराज
आगरा। गाय को हृदय में बसाइए और भारतीय देसी गौ माता के घी का ही दीपक पूजा घर में जलाइए। यह प्रेरणादायी संदेश बुधवार को गौ महिमा महोत्सव के तीसरे दिन रसराज जी महाराज ने श्रद्धालु जनसमूह को संबोधित करते हुए दिया।
-गौ महिमा महोत्सव के तीसरे दिन भक्ति, चेतना और सनातन संस्कृति का अनुपम संगम; साध्वी पूनम दीदी के भजनों पर छलके श्रद्धा के अश्रु
गौ माता की सेवा ही जीवन का परम धर्म
रसराज जी महाराज ने कहा कि गौ सेवा, गौ पूजा और गौ रक्षा हमारी सनातन परंपरा का जीवंत स्वरूप हैं। उन्होंने कहा कि हमें गौ सेवक, गौ रक्षक होने पर गर्व करना चाहिए। इस दौरान जब भजन गूंजा-
“सत्य सनातन धर्म हमारा, गौ के सेवक हम।
रामकृष्ण आदर्श हमारे, गौ आराधक हम।”
तो पूरा सूरसदन परिसर भक्ति भाव से झूम उठा।
गर्भवती माताओं के लिए गौ आधारित उपचार
उन्होंने गौ महिमा का वैज्ञानिक पक्ष रखते हुए बताया कि अगर गर्भवती महिलाएं पंचगव्य एवं देसी गौ माता के ताजे गोबर का रस प्रतिदिन लें तो प्रसव के समय ऑपरेशन की आवश्यकता नहीं पड़ती।
शिव परिवार से लें सहअस्तित्व की प्रेरणा
शिव महापुराण के प्रसंग में उन्होंने भगवान शिव के परिवार का उल्लेख करते हुए बताया कि भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश, कार्तिकेय और नंदी सभी एक परिवार के अंग हैं, जो विभिन्नता में एकता का संदेश देते हैं। समाज को भी इसी सह-अस्तित्व का अनुसरण करना चाहिए।
सैकड़ों श्रद्धालुओं ने किया पार्थिव शिवलिंग पूजन
कार्यक्रम से पूर्व सुबह की बेला में सूरसदन परिसर में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारों के बीच पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर उनका अभिषेक एवं पूजन किया। वातावरण शिवमय हो गया।
भावविभोर कर गए साध्वी पूनम दीदी के भजन
गौ महिमा महोत्सव के तीसरे दिन सुप्रसिद्ध भजन गायिका साध्वी पूनम दीदी के मार्मिक भजनों ने वातावरण को गहराई से छू लिया।
‘राधा नाम परम सुखदाई’ और ‘बड़ी दूर किनारा है, कश्ती भी पुरानी है…’ जैसे भजनों पर कई भक्तों की आँखों से श्रद्धा के अश्रु बह निकले। श्रद्धालु अपनी सुध-बुध भूल गए और पूरे सभागार में दिव्य भक्ति की लहर दौड़ गई।
आज नारायण बाबा की भजन संध्या
प्रमुख समाजसेवी पार्षद मुरारीलाल गोयल ‘पेंट वाले’ ने बताया कि महोत्सव के चौथे दिन (गुरुवार) सुबह 7 बजे पार्थिव शिवलिंग अभिषेक एवं पूजन होगा, जबकि शाम 4 बजे महाशिवपुराण कथा एवं गौ चर्चा के बाद सुप्रसिद्ध भजन गायक नारायण बाबा की भजन संध्या आयोजित की जाएगी।
आरती में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित
मुरारीलाल गोयल ‘पेंट वाले’, पूर्व पार्षद कुंदनिका शर्मा, ऋषि उपाध्याय, सुमन गोयल, कुमकुम उपाध्याय, कुसुम बंसल, पूर्विका बंसल, विनोद गर्गाचार्य, ऋषि रंजना, प्रवीण भारद्वाज, इंद्रदीप जैन, प्रियंका ठाकुर, विजय ओझा, सनातन केसरी, अखिलेश, विशाल, गोपाल दास, अभिराम दास, आकाश त्यागी, नितेश बंसल एडवोकेट, आदर्श नंदन गुप्ता, प्रशांत लवानिया सहित अनेक श्रद्धालु प्रमुख रूप से मौजूद रहे।