पत्नी की हत्या का आरोपी ताजमहल के पास से गिरफ्तार, दूसरी शादी के तीन महीने बाद कर दिया था कत्ल

आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र में पत्नी उज्जमा की हत्या के आरोपी पति फरहान को पुलिस ने ताजमहल के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 28 जुलाई को हत्या के बाद से फरार था। पुलिस के मुताबिक फरहान ने उज्जमा के सिर पर ईंट से कई वार किए और गले पर हमला कर उसकी हत्या की थी। दोनों की शादी इसी वर्ष 20 अप्रैल को वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से हुई थी। पोस्टमार्टम में सिर पर कई गंभीर चोटों और गले पर कट के निशान मिले हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के कारणों की जांच कर रही है।

Aug 2, 2026 - 16:17
 0
पत्नी की हत्या का आरोपी ताजमहल के पास से गिरफ्तार, दूसरी शादी के तीन महीने बाद कर दिया था कत्ल
इसी घर में मिला था उज्जमा का शव।

आगरा। आगरा के थाना ताजगंज क्षेत्र में पत्नी उज्जमा की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति फरहान को पुलिस ने आज गिरफ्तार कर लिया है। ताजगंज पुलिस ने लगातार दबिश और तलाशी अभियान के बाद आरोपी को ताजमहल के पास से हिरासत में लिया। 28 जुलाई को हुई इस सनसनीखेज हत्या के बाद से फरहान फरार था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी फरहान पर अपनी पत्नी उज्जमा की सिर पर ईंट से कई वार कर और गले पर हमला कर निर्मम हत्या करने का आरोप था। हत्या के बाद वह घर से फरार हो गया था। मामले में मृतका के पिता की तहरीर पर ताजगंज थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की असली वजह जानने का प्रयास कर रही है।

वैवाहिक वेबसाइट से हुई थी पहचान

पुलिस जांच के अनुसार, भैंरों खिड़की, कोतवाली, झांसी निवासी उज्जमा के पहले पति की कैंसर से मौत हो चुकी थी। इसके बाद उसकी पहचान एक वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से ताजगंज के नगला पैमा निवासी फरहान से हुई। दोनों ने 20 अप्रैल को निकाह किया था। बताया गया है कि फरहान पहले भी दो निकाह कर चुका था, लेकिन उसकी दोनों पत्नियां उसे छोड़ चुकी थीं। वहीं उज्जमा के भी पहले विवाह से दो बच्चे हैं, जो अपने नाना के घर रह रहे थे। शादी के बाद दोनों ताजगंज क्षेत्र में साथ रह रहे थे।

घर में मिला था खून से लथपथ शव

28 जुलाई की सुबह जब फरहान के पिता घर पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लगा मिला था। अंदर जाकर देखा तो उज्जमा का शव खून से लथपथ पड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कमरे से पुलिस को खून से सनी ईंट और टूटा हुआ पत्थर मिला, जिन्हें हत्या में इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई गई। वारदात के बाद से फरहान गायब था, जिससे संदेह सीधे उसी पर गया।

पोस्टमार्टम में हुआ हत्या का खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आया कि उज्जमा के सिर पर तीन से चार बार ईंट से प्रहार किए गए थे, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसके गले पर भी गहरा कट का निशान मिला। आशंका है कि कमरे में मिले नुकीले पत्थर से गले पर वार किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि उज्जमा ने हमले के दौरान खुद को बचाने की पूरी कोशिश की थी। उसके हाथ-पैरों पर खरोंच के निशान मिले, जिससे संघर्ष की पुष्टि होती है। पुलिस के अनुसार, शव करीब दो दिन पुराना था। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने उज्जमा को आगरा में उसके पहले पति की कब्र के समीप सुपुर्द-ए-खाक किया। घटना के बाद परिवार में गहरा शोक है।

पूछताछ में जुटी पुलिस

ताजगंज थाना पुलिस अब आरोपी फरहान से पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे घरेलू विवाद, आपसी मनमुटाव या कोई अन्य कारण था। साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।