मन की उड़ान फाउंडेशन ने जरूरतमंदों के बीच बांटीं दीपावली की खुशियां, मुस्कानों से महकी बस्तियां
आगरा। दीपावली के पावन अवसर पर मन की उड़ान फाउंडेशन ने समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए दहतोरा बस्ती और कारगिल के पास की झुग्गी बस्तियों में दीपावली की खुशियां बाँटीं। फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस विशेष डोनेशन ड्राइव में जरूरतमंद परिवारों को कपड़े, राशन किट, कंबल, मिठाई और सोलर लालटेन वितरित किए गए। इस पहल से बस्तियों में न केवल रौशनी, बल्कि खुशियों की चमक भी बिखर गई।
दीपों संग बांटीं उम्मीदें और मुस्कानें
अंधेरे घरों में जब सोलर लालटेन जलीं, तो परिवारों के चेहरों पर खुशियों की रौशनी झलक उठी। बच्चों को मिठाइयाँ और कपड़े मिलते ही उनके चेहरे खिल उठे। फाउंडेशन के सदस्यों ने लोगों से संवाद करते हुए उन्हें दीपावली की शुभकामनाएँ दीं और समाज में प्रेम, सहयोग और एकता का संदेश दिया।
समाजसेवियों की रही सक्रिय भागीदारी
इस मौके पर फाउंडेशन की अध्यक्ष एडवोकेट चंचल गुप्ता, सचिव कविता राजवानी, कोषाध्यक्ष Neera Thapar, उपाध्यक्ष अंकिता जैन और संयुक्त सचिव पवन सिसोदिया मौजूद रहीं।
कार्यक्रम में एडवोकेट ऋतिक वर्श्नेय, प्रिंसी जैन, अनुपम शर्मा, संगीता गुप्ता, विकास गोयल, गजेन्द्र सिंह, और संजय निश्चल सहित अन्य सदस्यों ने भी सक्रिय योगदान दिया।
सामाजिक दायित्व के प्रति समर्पण
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान समाज में सकारात्मक सोच और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि मन की उड़ान फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक सहायता एवं खुशियाँ पहुँचाना है। संस्था आगे भी सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भावना के साथ अपने कार्य जारी रखेगी।
दीपावली बनी सेवा और संवेदना का प्रतीक
इस पहल ने यह संदेश दिया कि दीपावली केवल घरों को रोशन करने का नहीं, दिलों में उजाला भरने का पर्व है। बस्तियों में जब दीप जले और बच्चों की हंसी गूंजी, तो वहां की रात सचमुच मानवता की रौशनी से जगमगा उठी।