दूसरी शादी रचाने पहुंचा मौलाना रंगेहाथ पकड़ा गया, पत्नी की पिटाई करने पर पहुंचा सलाखों के पीछे

बरेली जिले में दूसरी शादी रचाने पहुंचे एक मौलाना की किस्मत तब पलट गई जब उसकी पहली पत्नी अचानक मौके पर पहुंच गई। पत्नी ने विरोध किया तो मौलाना ने पिता और बहनोई के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया। हंगामे की खबर मिलते ही पुलिस पहुंची और मौलाना समेत तीन लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

Sep 16, 2025 - 21:26
 0
दूसरी शादी रचाने पहुंचा मौलाना रंगेहाथ पकड़ा गया, पत्नी की पिटाई करने पर पहुंचा सलाखों के पीछे

-आरके सिंह-

बरेली। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक अजीबोगरीब घटनाक्रम देखने को मिला। ग्राम चक्रवात भगवतीपुर निवासी मौलाना हैदर हुसैन की शादी 2 फरवरी 2025 को नरगिस बेगम से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद दोनों के रिश्ते में खटास आ गई। इस बीच मौलाना का कस्बे की एक युवती से प्रेम संबंध बन गया और उसने चोरी-छिपे दूसरी शादी करने का मन बना लिया।

रविवार को मौलाना अपने पिता बंधन लाल, बहनोई रफीक अहमद और दर्जनभर रिश्तेदारों के साथ नवाबगंज पहुंचा और निकाह की तैयारी शुरू कर दी, मगर पत्नी नरगिस को भनक लग गई और वह भी वहां पहुंच गई। अचानक सामने आई पत्नी को देखकर मौलाना और उसका कुनबा सकते में आ गया।

नरगिस ने जब इसका विरोध किया तो मौलाना, उसके पिता और बहनोई ने मिलकर उस पर हमला कर दिया। शोरगुल और मारपीट से माहौल बिगड़ गया। आक्रोशित नरगिस ने तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके से भागते समय पुलिस ने मौलाना हैदर हुसैन, उसके पिता और बहनोई को गिरफ्तार कर लिया।

प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पीड़िता नरगिस बेगम की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 85 और 115(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। तीनों आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर थाने ले जाया गया।

SP_Singh AURGURU Editor