मौलाना के बयान से यूपी की सियासत गरमाई, पश्चिम बंगाल में दिए विवादित बयान पर आगरा में विरोध

पश्चिम बंगाल में दिए गए मौलाना जर्जिस अंसारी के विवादित बयान को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी और सामाजिक माहौल गरमा गया है। आगरा में अखिल भारत हिंदू महासभा ने ताजगंज थाने में तहरीर देकर उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मौलाना को प्रतीकात्मक रूप से बंगाल जाने का टिकट और ब्लैंक चेक भी दिया गया। संगठन ने कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Feb 8, 2026 - 23:51
 0
मौलाना के बयान से यूपी की सियासत गरमाई, पश्चिम बंगाल में दिए विवादित बयान पर आगरा में विरोध
ताजगंज थाना में रिपोर्ट दर्ज कराने जाते हिन्दू महासभा के कार्यकर्ता।

आगरा। पश्चिम बंगाल में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी मौलाना जर्जिस अंसारी द्वारा दिए गए एक विवादित बयान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल मचा दी है। उनके बयान को लेकर हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश व्याप्त है। इसी क्रम में अखिल भारत हिंदू महासभा ने आगरा के थाना ताजगंज में मौलाना के खिलाफ तहरीर देकर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

अखिल भारत हिंदू महासभा की महिला जिला अध्यक्ष मीरा राठौर अपने समर्थकों के साथ थाना ताजगंज पहुंचीं। एक हाथ में मौलाना जर्जिस अंसारी के खिलाफ तहरीर और दूसरे हाथ में ब्लैंक चेक लेकर उन्होंने पुलिस को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान समर्थकों ने मौलाना के खिलाफ नारेबाजी की और पुलिस को सोशल मीडिया पर वायरल भड़काऊ वीडियो भी दिखाया। महासभा ने तहरीर में आरोप लगाया कि मौलाना ने भड़काऊ भाषण देकर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की छवि धूमिल करने का प्रयास किया है।

पश्चिम बंगाल में दिया गया विवादित बयान

बताया जा रहा है कि पश्चिम बंगाल में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान मौलाना जर्जिस अंसारी ने उत्तर प्रदेश में मदरसों और मस्जिदों पर हो रही प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर टिप्पणी की थी। उन्होंने अपने संबोधन में कहा था कि “पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश की अपेक्षा मुस्लिमों के लिए ज्यादा सुरक्षित है।” इतना ही नहीं, मौलाना ने मुस्लिम समाज से पश्चिम बंगाल शिफ्ट होने की अपील भी की थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि यूपी में मुसलमानों की स्थिति ठीक नहीं है और वे स्वयं कई बार अपने परिवार से प्रदेश छोड़ने की बात कर चुके हैं। मौलाना ने यह भी कहा कि मस्जिदों में बिना अनुमति कोई गतिविधि नहीं की जा सकती और दिन के समय भी लाउडस्पीकर की आवाज बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही।

बंगाल जाने का टिकट और ब्लैंक चेक

प्रदर्शन के दौरान महिला जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने मौलाना को पश्चिम बंगाल जाने का प्रतीकात्मक रेल टिकट सौंपा। उन्होंने कहा “अगर उन्हें बंगाल ज्यादा सुरक्षित लगता है तो हम अपने खर्चे पर उन्हें वहां भेज देंगे।” इतना ही नहीं, मीरा राठौर ने मौलाना को एक ब्लैंक चेक भी सौंपा, जिस पर सिर्फ मौलाना का नाम लिखा था। उन्होंने कहा कि “यूपी में जो भी संपत्ति उनकी है, उसे बेच दें। उस संपत्ति को हम खरीदने को तैयार हैं। इस चेक में वह जितनी रकम चाहें भर सकते हैं।”

सीएम की छवि धूमिल करने का आरोप

मीरा राठौर ने आरोप लगाया कि मौलाना जर्जिस अंसारी का बयान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की छवि को धूमिल करने की साजिश है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और सभी समुदाय सुरक्षित हैं। साथ ही उन्होंने दावा किया कि सरकारी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ भी विशेष समुदाय को ही मिल रहा है।

अखिल भारत हिंदू महासभा ने चेतावनी दी है कि यदि मौलाना के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा, जिसकी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी।