संभल मस्जिद सर्वे मामले का सुप्रीम कोर्ट संज्ञान ले-मायावती
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने संभल मस्जिद मामले में प्रतिक्रिया दी है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप की मांग की है। संभल की जामा मस्जिद में कोर्ट के एक आदेश के बाद रात को ही सर्वे कराया गया था। जुमे की नमाज को लेकर पीएसी और पुलिस की यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
बसपा चीफ ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा कि यूपी के संभल जिले की शाही जामा मस्जिद को लेकर अचानक विवाद, सुनवाई और फिर उसके फौरन ही बाद आपाधापी में सर्वे की खबरें राष्ट्रीय चर्चा व मीडिया की सुर्खियों में हैं, किन्तु इस प्रकार से सदभाव व माहौल को बिगाड़ने का संज्ञान सरकार तथा मा. सुप्रीम कोर्ट को भी जरूर लेना चाहिए।
शाही जामा मस्जिद में जुमे की नमाज 1.30 बजे होगी। मस्जिद कमेटी ने लोगों से अपील की है कि लोग अपने मुहल्लों की मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा करें और भीड़ न लगाएं। शाही जामा मस्जिद में आस पास के जो लोग नमाज पढ़ते आये हैं, वही आज जुमे की नमाज यहां शाही जामा मस्जिद में पढ़ें। कानून व्यवस्था में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और अफवाहों पर ध्यान न दें। शांतिपूर्ण माहौल में जुमे की नमाज अदा करें।