विकसित भारत, जनभागीदारी और नवाचार का संदेश, बूथों पर सुनी गई पीएम के ‘मन की बात’

आगरा महानगर और ग्रामीण क्षेत्र के 1844 बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया गया। भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रधानमंत्री ने विकसित भारत, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार और जनभागीदारी पर जोर दिया। फतेहपुर सीकरी, सैंया, कीथम, फतेहाबाद, अकोला, किरावली समेत विभिन्न क्षेत्रों में विशेष आयोजन हुए। राज्यसभा सांसद नवीन जैन और भाजपा नेताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

May 31, 2026 - 21:09
 0
विकसित भारत, जनभागीदारी और नवाचार का संदेश, बूथों पर सुनी गई पीएम के ‘मन की बात’
पीएम के मन की बात सुनते भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, सांसद नवीन जैन के साथ पार्टी कार्यकर्ता।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने विकसित भारत, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण का रविवार को आगरा महानगर और ग्रामीण क्षेत्र के सभी 1844 बूथों पर व्यापक स्तर पर सामूहिक श्रवण किया गया। भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने अपने-अपने बूथों पर एकत्र होकर प्रधानमंत्री के विचारों को सुना तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने गोपेश्वर मंडल के बूथ संख्या 170 पर एत्मादपुर विधायक धर्मपाल सिंह, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रीय नागरिकों के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने से उभर रही सकारात्मक कहानियों, नवाचारों और जनभागीदारी का राष्ट्रीय मंच बन चुका है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में विकसित भारत के संकल्प, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले प्रेरणादायी व्यक्तित्वों का उल्लेख किया।

महानगर के विभिन्न बूथों पर केंद्रीय राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, महापौर हेमलता दिवाकर, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक जी.एस. धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, धर्मपाल सिंह, निर्मला दीक्षित, हेमंत भोजवानी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और भाजपा पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम सुना। कार्यक्रम के उपरांत बूथ स्तर पर बैठकें आयोजित की गईं, जिनमें संगठनात्मक विषयों और प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर चर्चा की गई।

फतेहपुर सीकरी में लाल दरवाजा क्षेत्र स्थित बूथ संख्या 67 पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पौनिया की उपस्थिति में ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम समाज को सकारात्मक दिशा देने वाला प्रेरक मंच बन चुका है। इसके माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत, युवा नवाचार और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर जनभागीदारी को प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के संदेशों को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भी कार्यक्रम को लेकर उत्साह दिखाई दिया। जिला महामंत्री सत्य प्रकाश लोधी ने फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में, सत्यदेव दुबे ने सैंया मंडल के सिकंदरपुर बूथ संख्या 278 पर, जिला उपाध्यक्ष सहदेव शर्मा ने कीठम  के बूथ संख्या 317 पर तथा हरिओम रावत ने फतेहाबाद विधानसभा के धिमिश्री क्षेत्र में कार्यकर्ताओं के साथ ‘मन की बात’ सुनी। इसके अलावा अकोला, जारुआ कटरा, धनौली, किरावली और अन्य क्षेत्रों के बूथों पर भी भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।

राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने वाटर वर्क्स स्थित अतिथिवन में समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम का श्रवण किया। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ देशवासियों को सकारात्मक सोच, सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ने वाला प्रभावी माध्यम है। प्रधानमंत्री अपने संबोधन के जरिए समाज में बदलाव लाने वाले व्यक्तियों, युवाओं, नवाचारकर्ताओं और समाजसेवियों के प्रेरणादायी कार्यों को सामने लाते हैं, जिससे पूरे देश को नई प्रेरणा मिलती है।

सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संवर्धन, युवा शक्ति की भूमिका, नवाचार और विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर जनसहभागिता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने उपस्थित लोगों से राष्ट्र निर्माण के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और प्रधानमंत्री के संदेशों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रधानमंत्री के विचारों को गंभीरता से सुना तथा देश के विकास और समाजहित के कार्यों में अपनी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया।