1000 दीपों की ज्योति में गूंजा स्वाभिमान का संदेश, आगरा में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन
आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान के नेतृत्व में आज सायं कैलाश महादेव मंदिर, सिकंदरा, आगरा में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 1000 दीपकों का प्रज्ज्वलन कर स्वाभिमान, शक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक के रूप में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की ऐतिहासिक घटना को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान के नेतृत्व में कैलाश महादेव मंदिर में दीपोत्सव, नारी शक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश
आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान के नेतृत्व में आज सायं कैलाश महादेव मंदिर, सिकंदरा, आगरा में ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का भव्य एवं भावनात्मक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में 1000 दीपकों का प्रज्ज्वलन कर स्वाभिमान, शक्ति और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक के रूप में सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण की ऐतिहासिक घटना को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया गया।
यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य महिलाओं के सशक्तिकरण, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव को प्रोत्साहित करना रहा। उल्लेखनीय है कि सोमनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण स्वतंत्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ था, जो भारतीय स्वाभिमान और सांस्कृतिक पुनरुत्थान का जीवंत प्रतीक है।
दीप प्रज्ज्वलन के उपरांत अपने संबोधन में डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि सोमनाथ स्वाभिमान पर्व हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी भारतीय संस्कृति और आत्मसम्मान की रक्षा कैसे की जाती है। महिलाएं इस स्वाभिमान की सशक्त प्रतीक हैं, जो समाज को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करती हैं। उन्होंने महिलाओं से अपने सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
दीपोत्सव, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रेरक वक्तव्यों ने वातावरण को आध्यात्मिक और ऊर्जावान बना दिया। 1000 दीपकों से आलोकित मंदिर परिसर ने दिव्यता और श्रद्धा का अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया, जो उपस्थित श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय रहा। इस अवसर पर आयोग की सदस्यगण, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, महिला संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
नारी सशक्तिकरण की निरंतर पहल
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग नारी सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। आयोग ने संकेत दिए कि आगामी दिनों में राज्य स्तर पर भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।