गांधी जयंती पर आगरा में गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश, सेवा और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प

आगरा। महात्मा गांधी की जयंती पर आगरा में अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों का संदेश दिया गया। कुष्ठ सेवा सदन में काव्य गोष्ठी के माध्यम से गांधी दर्शन और स्वच्छता पर विचार रखे गए, वहीं कचहरी घाट स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में सत्य, अहिंसा और संविधान के सम्मान का संकल्प लिया गया।

Oct 2, 2026 - 23:15
 0
गांधी जयंती पर आगरा में गूंजा सत्य-अहिंसा का संदेश, सेवा और संविधान की रक्षा का लिया संकल्प
गांधी जयंती पर कुष्ठ सेवा सदन में आयोजित गोष्ठी में मौजूद अतिथिगण, स्कूली बच्चे और अन्य लोग।

कुष्ठ सेवा सदन में गांधी दर्शन और स्वच्छता पर काव्य गोष्ठी

लेप्रोसी पेशेंट वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में गांधी जयंती पर कुष्ठ सेवा सदन, पुरानी महापालिका बिल्डिंग, ताजमहल पूर्वी गेट, ताजगंज में ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं स्वच्छता’ विषय पर काव्य गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. ए.एस. सचान ने की, जबकि काव्य गोष्ठी की अध्यक्षता कवि सम्राट राजेंद्र मिलन ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से हुआ। प्रतिभा तलेगांवकर ने बापू की प्रिय रामधुन और श्रीमती निशिराज ने प्रार्थना प्रस्तुत की। राजेंद्र मिलन ने “इस बढ़ते आतंकवाद पर गांधी दर्शन ही समुचित है” कविता का पाठ किया। डॉ. अंगद धारिया ने “बुजुर्गों की निशानी पे काम करता हूँ” रचना प्रस्तुत की। विशिष्ट अतिथि राष्ट्रकवि ओम प्रकाश निडर ने “उठो साथियों, निज धर्म बिक न जाए” का पाठ किया।

मुख्य अतिथि श्रीमती मधु बघेल ने कहा कि बापू सत्य, अहिंसा और शांति के अग्रदूत थे। मुख्य अतिथि डॉ. गिरधर शर्मा ने कहा कि देश में चल रहा स्वच्छ भारत अभियान गांधी जी के विचारों से प्रेरित है। कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. ए.एस. सचान ने गांधी जी के आदर्शों पर चलकर कुष्ठ रोगियों की सेवा का संकल्प लेने की बात कही। छावनी परिषद, आगरा के सदस्य राजेश गोयल ने दीन-दुखियों की सेवा की प्रेरणा को गांधी जी के विचारों से जोड़ा। समाजसेवी श्याम भोजवानी ने सेवा और स्वच्छता के महत्व पर विचार रखे।

काव्य पाठ में डॉ. यशोयश, निशिराज, डॉ. अंगद धारिया, आचार्य उमाशंकर पारसर, नीरज जैन और अशोक अश्रु आदि ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं। हर्षित दुर्गविजय सिंह, दीप, शैलजा अग्रवाल, राज कुमार जैन एवं सूरज तिवारी ने भी विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर कुष्ठ रोगियों को खादी के वस्त्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम का परिचय सोसाइटी की सचिव डॉ. मधु भारद्वाज ने दिया। जी.एस. मनराल, इंद्रा, लोपमुद्रा जूनियर हाई स्कूल, जालमा कैंपस, ताजगंज के विद्यार्थी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। उपलब्धि भारद्वाज, संकल्प भारद्वाज एवं कमल सिंह ने व्यवस्थाएं संभालीं। संचालन डॉ. मधु भारद्वाज ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संकल्प भारद्वाज ने किया।

कचहरी घाट पर गांधी प्रतिमा स्थल पर सत्याग्रह और संविधान का संदेश

गांधी जयंती पर कचहरी घाट क्षेत्र में जन जागरण करते सपा नेता विनय अग्रवाल और अन्य। 

गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर कचहरी घाट, बांस दरवाजा स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर आगरा दक्षिण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विनय अग्रवाल के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी अशोक अग्रवाल (अशोक राम जी घी वाले) ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने हाथों में गांधी जी के सिद्धांतों, सत्य, अहिंसा, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े पोस्टर लेकर संदेश दिया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी के विचारों को जीवन में आत्मसात करना तथा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों और उपस्थित जनसमूह के बीच मिष्ठान वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के आगरा दक्षिण विधानसभा अध्यक्ष सतीश चाहर, विजय यादव, उस्मान अब्बास एडवोकेट, शिवकुमार गुप्ता, जितेंद्र अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, सचिन गुप्ता, जीनिश अग्रवाल, कान्हा अग्रवाल, परवेज खान, आसिफ अली, विमल वाल्मीकि, हिमांशु यादव, भानु प्रताप सिंह, बबलू यादव, लखन यादव, सौरभ शर्मा, निखिल पारस, रवि चौधरी सहित क्षेत्र के तमाम लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विनय अग्रवाल के नेतृत्व में उपस्थित लोगों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, प्रेम, भाईचारे और आपसी सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सामूहिक संकल्प लिया।

SP_Singh AURGURU Editor