कैबिनेट मंत्री के तेवर देख मेट्रो के अधिकारी सन्न

जब तक मेट्रो की टीम मोतीकटरा क्षेत्र की जनता की अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं करेगी, मैं मेट्रो को काम नहीं करने दूंगा। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय के इन तेवरों को देख यूपी मेट्रो के अधिकारी सन्न रह गए।

Dec 10, 2024 - 15:33
 0
कैबिनेट मंत्री के तेवर देख मेट्रो के अधिकारी सन्न

आगरा। जब तक मेट्रो की टीम मोतीकटरा क्षेत्र की जनता की अपेक्षा के अनुरूप काम नहीं करेगी, मैं मेट्रो को काम नहीं करने दूंगा। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय के इन तेवरों को देख यूपी मेट्रो के अधिकारी सन्न रह गए। 

आज पूर्वाह्न मोती कटरा में चल रहे मेट्रो के भूमिगत लाइन के कार्य के निरीक्षण को पहुंचे कैबिनेट मंत्री उपाध्याय ने कहा कि यूपीएमआरसी ने काम शुरू करने से पहले तकनीकी एडवाइज ठीक से नहीं ली है। यदि ली भी होगी तो उसको ठीक से क्रियान्वित नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यहां चल रहे कार्य का थर्ड पार्टी आईआईटी से सर्वे कराया जाएगा। उसकी भी ओपिनियन मांगी गई है। साथ ही हमने भी अपने तकनीकी एडवाइजर बुलाए हैं। इनकी भी ओपिनियन ली जाएगी। इन सबकी टीम बनाकर नये सिरे से सर्वे कराया जाएगा।

गौरतलब है कि मोती कटरा में मेट्रो टनल की खुदाई की वजह से घरों में दरार आ गई हैं। कई मकान गिरासू हालत में पहुंच गए हैं। यूपीएमआरसी ने कई मकानों की मरम्मत कराई है, लेकिन लोग उनके काम से वे संतुष्ट नहीं हैं। पिछले दिनों में डीएम और कमिश्नर मेट्रो के अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर चुके हैं। 

निरीक्षण के दौरान लोगों ने कैबिनेट मंत्री को बताया कि बहुत से मकानों की छतों को गिरने से रोकने के लिए न तो जैक लगाए गए हैं और न ही मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। इससे यहां के लोगों में नाराजगी है। निरीक्षण के बाद कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मेट्रो टीम को सबसे पहले क्षेत्र की चोक सीवर लाइनों को खुलवाने का काम करना चाहिए। इसके साथ ही जो पाइप लाइन फट गईं हैं, उनकी भी मरम्मत होनी चाहिए।