आगरा में मंत्री अनिल कुमार बोले- रालोद कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी

आगरा। राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश सरकार में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के आगरा आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोशीला स्वागत किया। कोठी मीना बाजार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पार्क का शिलान्यास किया और कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठन को मजबूत बनाने का संदेश दिया।

Nov 6, 2025 - 19:30
 0
आगरा में मंत्री अनिल कुमार बोले- रालोद कार्यकर्ताओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई होगी
सर्किट हाउस में कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार का स्वागत करते रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर और नरेंद्र बघेल तथा अन्य वरिष्ठ नेता।

राष्ट्रीय लोकदल के नेता और कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार पहली बार आगरा पहुंचे थे। सर्किट हाउस में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने उनका बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया और पार्टी को मजबूत बनाने व कार्यकर्ताओं की समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा की।

कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ होते हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करना हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यदि कोई अधिकारी पार्टी नेताओं या कार्यकर्ताओं की जायज समस्याओं की अनदेखी करेगा, तो उसके विरुद्ध शासन स्तर पर कार्रवाई कराई जाएगी।

इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर ने मंत्री को कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत हैं, इसलिए उनकी आवाज शासन तक पहुंचाना हर पदाधिकारी का दायित्व है।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बघेल, प्रदेश महासचिव महेश जाटव, प्रदेश सचिव डॉ. रूपेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष पं. दुर्गेश शुक्ला, महामंत्री संदीप खोकर, सरदार राजेंद्र सिंह, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पूर्व सदस्य सुरेंद्र वर्मा एडवोकेट, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री संजीव शर्मा, सतवीर सिंह रावत, ब्रज क्षेत्र महामंत्री अवधेश चौधरी, युवा लोकदल के महानगर अध्यक्ष मयंक खिरवार, मंडल महासचिव अन्नु पहलवान, राहुल जुरैल, मनीष शर्मा, मंजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह जाटव आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor