भावना एस्टेट रोड पहुंचे राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को परखा

आगरा। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध जनकपुरी महोत्सव 2026 की तैयारियां अब गति पकड़ने लगी हैं। शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति ने भावना एस्टेट रोड का दौरा कर महोत्सव की तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजन स्थल पर प्रस्तावित व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आयोजन समिति के पदाधिकारियों से सुरक्षा, यातायात, श्रद्धालुओं की सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही आयोजन को और अधिक भव्य, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए।

Jul 25, 2026 - 18:23
 0
भावना एस्टेट रोड पहुंचे राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति, जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों को परखा
भावना एस्टेट रोड पर सजने जा रहे जनकपुरी महोत्सव 2026 की तैयारियों को परखने पहुंचे राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति। उनके साथ हैं आयोजन समिति के अध्यक्ष राजू यादव एवं समिति के पदाधिकारी।

निरीक्षण के बाद राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति भावना एस्टेट क्लब हाउस स्थित जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति 2026 के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। यहां समिति के अध्यक्ष राजू यादव के नेतृत्व में उनका स्वागत और पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव भारतीय संस्कृति, मर्यादा और सनातन परंपराओं का जीवंत उत्सव है। यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भावना एस्टेट रोड पर इस वर्ष सजने जा रही जनकपुरी निश्चित रूप से उत्तर भारत के प्रमुख सांस्कृतिक आकर्षणों में शामिल होगी।

जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति 2026 के अध्यक्ष राजू यादव ने बताया कि इस वर्ष भावना एस्टेट रोड पर उत्तर भारत की सबसे प्रसिद्ध और भव्य जनकपुरी का निर्माण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को दिव्य और अविस्मरणीय अनुभव देने के लिए आकर्षक सजावट, अत्याधुनिक विद्युत प्रकाश व्यवस्था, मजबूत सुरक्षा प्रबंध, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियां लगातार समन्वय के साथ कार्य कर रही हैं। लक्ष्य यह है कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को धार्मिक आस्था के साथ-साथ उत्कृष्ट व्यवस्थाओं का भी अनुभव मिले और जनकपुरी महोत्सव अपनी भव्यता की नई पहचान स्थापित करे।

इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से अरविंद शर्मा, संजय गोयल, मनोज बंसल, संतोष कटारा, राणा सुशील सिंह, धीरज जैन, आकाश गोयल ग्वाला, नरेंद्र शर्मा, राजा सिंह चौहान, अंकुश मित्तल, नरेंद्र सेंगर एवं प्रभाकर शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor