दीप्ति के घर पहुंच मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने माता-पिता का किया अभिनंदन, ढोल बजे और आतिशबाजी
आगरा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने वह कर दिखाया है जिसका सपना करोड़ों भारतीय दिलों ने देखा था। महिला वर्ल्ड कप जीतकर भारत का नाम विश्व पटल पर स्वर्णाक्षरों में दर्ज कर दिया। इस ऐतिहासिक विजय में आगरा की बेटी दीप्ति शर्मा का प्रदर्शन निर्णायक रहा, जिसने पूरे शहर को गर्व से भर दिया। आगरा में इसकी खुशियां अभी भी मनाई जा रही हैं।
उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (उच्च शिक्षा) योगेंद्र उपाध्याय स्वयं दीप्ति शर्मा के अवधपुरी स्थित आवास पहुंचे और उनके परिजनों को सम्मानित किया। उन्होंने दीप्ति के पिता श्रीभगवान शर्मा और माता सुशील शर्मा का अंगवस्त्र पहनाकर अभिनंदन किया। इस दौरान ढोल, नगाड़े तो बजे ही, आतिशबाजी भी हुई। मंत्री के उनकी पत्नी प्रीति उपाध्याय भी थीं। दोनों तिरंगा भी लहराया।
योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि दीप्ति शर्मा जैसी बेटियां नारी शक्ति की सच्ची प्रतीक हैं। उन्होंने यह साबित किया कि बेटियाँ अब हर क्षेत्र में विश्व विजेता बन सकती हैं। यह जीत सिर्फ क्रिकेट की नहीं, बल्कि भारत की अस्मिता और शक्ति की जीत है।”
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गत वर्ष दीप्ति की प्रतिभा को पहचानते हुए उन्हें डीएसपी पद पर सम्मानित किया था। आज उनकी यह विश्वस्तरीय उपलब्धि उस निर्णय की सार्थकता को सिद्ध करती है।
इस मौके पर भाजपा नेता प्रमोद गुप्ता, संजय शर्मा, सुनील शर्मा, के.के. भारद्वाज, देवेश पचौरी, मीनाक्षी वर्मा, रवि दिवाकर, मोहित पांडे, रितेश शुक्ला, विजय भाटिया, आनंद गोस्वामी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।