24 जनवरी से लापता नाबालिग छात्रा दिल्ली से बरामद, दो आरोपी पुलिस हिरासत में
आगरा के शमसाबाद थाना क्षेत्र से लापता नाबालिग छात्रा को पुलिस ने दिल्ली के संगम विहार से सकुशल बरामद कर लिया। मामले में एक मुख्य अभियुक्त और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया गया है। किशोरी के बयानों के आधार पर पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं और दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
आगरा। शमसाबाद थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली से एक नाबालिग छात्रा को सकुशल बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य अभियुक्त और एक बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। छात्रा की बरामदगी के बाद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी 2026 को शमसाबाद क्षेत्र के एक गांव निवासी छात्रा के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी नाबालिग बेटी, जो कक्षा 10 की छात्रा है, दोपहर करीब 3:30 बजे बिना बताए घर से निकल गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।
मुकदमा दर्ज होते ही सक्रिय हुई पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए शमसाबाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। थानाध्यक्ष सुरेंद्र राव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए छात्रा की तलाश तेज कर दी गई।
दिल्ली के संगम विहार से बरामदगी
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी किशोरी को लेकर दिल्ली के संगम विहार क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने दिल्ली में दबिश दी और नाबालिग छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया।
मुख्य अभियुक्त और बाल अपचारी गिरफ्तार
इसके बाद रविवार को पुलिस को जानकारी मिली कि घटना में शामिल आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। इस पर शमसाबाद पुलिस ने बड़ागांव पुल के पास घेराबंदी कर मुख्य अभियुक्त टट्टू उर्फ योगेश पुत्र हरीसिंह, निवासी ऊँचा को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ीं, आरोपी जेल भेजे गए
थानाध्यक्ष सुरेंद्र राव ने बताया कि बरामद किशोरी के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गई हैं। मुख्य अभियुक्त योगेश और बाल अपचारी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।