यमुना से माइक्रोप्लास्टिक हटाने का कमाल: डीईआई की छात्रा मोहिनी सिंह को जल शक्ति हैकाथॉन में मिला राष्ट्रीय सम्मान

नई दिल्ली/आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट की बी.एससी. (ऑनर्स) केमिस्ट्री की छात्रा मोहिनी सिंह ने जल संरक्षण के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल किया है। उन्हें प्रतिष्ठित ‘जल शक्ति हैकाथॉन 2025’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विश्व जल दिवस के अवसर पर नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल द्वारा प्रदान किया गया।

Mar 23, 2026 - 18:50
 0
यमुना से माइक्रोप्लास्टिक हटाने का कमाल: डीईआई की छात्रा मोहिनी सिंह को जल शक्ति हैकाथॉन में मिला राष्ट्रीय सम्मान
दिल्ली में आयोजित जल शक्ति हैकाथॉन 2025 में पुरस्कार प्राप्त करती दयालबाग शिक्षण संस्थान की छात्रा मोहनी सिंह।

माइक्रोप्लास्टिक हटाने की अनोखी तकनीक

मोहिनी सिंह को यह पुरस्कार उनकी शोध परियोजना जल से माइक्रोप्लास्टिक्स को हटाने के लिए अधिशोषक-आधारित तकनीक का विकास (Project ID: project-4569) के लिए दिया गया। यह शोध यमुना नदी के पोइया घाट (बैकुंठधाम) क्षेत्र में डीईआई की नदी विकास पहल के अंतर्गत किया गया।

इस उपलब्धि के लिए मोहिनी सिंह को ₹1,00,000 की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। उनके इस नवाचार को जल संरक्षण और स्वच्छता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

गुरु का मार्गदर्शन बना सफलता की कुंजी

इस प्रोजेक्ट का मार्गदर्शन रसायन विज्ञान विभाग की डॉ. पुष्पा साहनी ने किया। उनके निर्देशन में तैयार इस शोध ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई।

जल शक्ति मंत्रालय ने इस प्रोजेक्ट की क्षमता को देखते हुए ‘प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट’ प्रस्तुत करने को कहा है। इसके सफल होने पर आगे के अनुसंधान और विकास (R&D) के लिए अतिरिक्त वित्तीय सहायता और सहयोग दिया जाएगा।

यह उपलब्धि न सिर्फ डीईआई के लिए गर्व की बात है, बल्कि यमुना नदी की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को भी नई दिशा देने वाली साबित हो सकती है।

Top of Form

SP_Singh AURGURU Editor