आगरा में लापता किशोरी बदहवास हालत में मिली, पुलिस का रवैया सवालों के घेरे में

आगरा। आठ अगस्त से लापता 17 वर्षीय किशोरी बिजलीघर चौराहे पर विगत दिवस बदहवास हालत में मिली। परिजनों का आरोप है कि उसे काजू उर्फ धर्मेंद्र ले गया था और फिर खुद और उसके दोस्तों ने नशीला पदार्थ खिलाकर उसके साथ गैंगरेप किया। इस किशोरी के मामले में पुलिस का रवैया बेहद आपत्तिजनक रहा है। पहले तो किशोरी को तलाशने में ढिलाई बरती और अब भयावह गैंगरेप की जानकारी होने के बाद भी पुलिस उसके बयान तक दर्ज कराने में धीमी चाल चल रही है।

Aug 14, 2025 - 13:33
 0
आगरा में लापता किशोरी बदहवास हालत में मिली, पुलिस का रवैया सवालों के घेरे में

-पीड़िता ने बताया- उसके साथ गैंगरेप हुआ, लेकिन पुलिस अभी भी चल रही कछुआ की चाल

किशोरी के पिता ने बताया कि मां ने बेटी के साथ सामूहिक दुष्कर्म होने पर पुलिस आयुक्त के यहां दस्तक दी। पुलिस आयुक्त के निर्देश के बावजूद थाना स्तर से पीड़िता का कोर्ट में बयान तक दर्ज नहीं कराया गया।

परिवार के अनुसार, महिला ने शिकायत दी कि उसकी बेटी को आठ अगस्त को काजू और उसके दोस्तों ने अपने साथ ले लिया। जब वह नहीं लौटी, तो थाना एतमद्दौला में केस दर्ज कराया गया। उसी दिन देर रात बेटी ने फोन कर अपने होने की जानकारी दी और कहा कि वह बिजलीघर पर है। परिजन वहां पहुंचे तो किशोरी नशे जैसी और बदहाल हालत में मिली।

सुबह होश में आने पर किशोरी ने बताया कि काजू और उसके दोस्त उसे किसी होटल ले गए, नशीला पदार्थ खिलाया और सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया।

पीड़ित परिवार का कहना है कि पुलिस के स्तर से अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई, जबकि लड़कियों की सुरक्षा को लेकर योगी सरकार बेहद संवेदनशील होने का दावा करती है।

परिवार का कहना है कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद पुलिस की प्रतिक्रिया टालमटोल और सुस्त रही, जिससे सवाल उठ रहे हैं कि सुरक्षा की नीति और धरातल पर पुलिस का रवैया कितना अलग है।

ऐसे मामलों में पीड़ित परिवारों की शिकायतों को गंभीरता से न लिया जाना और लापरवाही दिखाना चिंता का विषय बन गया है।

SP_Singh AURGURU Editor