जोधपुर पैलेस की तर्ज पर बनेगा मिथिला महल, जनकपुरी महोत्सव में घर-घर होगी दीवाली जैसी सजावट
आगरा। उत्तर भारत का सबसे भव्य धार्मिक आयोजन जनकपुरी महोत्सव 2025 इस बार और भी मनमोहक होगा। आयोजन समिति ने जोधपुर के एक महल की तर्ज पर तैयार किए जा रहे मिथिला महल का प्रस्तावित पोस्टर जारी कर दिया है। 250 फीट चौड़ा और 125 फीट ऊंचा यह भव्य मंच भगवान राम, माता जानकी और चारों भाइयों की झलक को सड़क से गुजरते हर श्रद्धालु तक पहुंचाएगा। महल की छटा पर भगवान राम की ध्वज पताका लहराएगी।
70 से अधिक कारीगर जुटे, दीपावली जैसी सजावट
कोलकाता से आए 70 से अधिक कुशल कारीगर दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। राज्यसभा सांसद व जनकपुरी महोत्सव समिति के मुख्य संरक्षक नवीन जैन ने बताया कि इस बार पूरी मिथिला नगरी में दीपावली जैसी सजावट होगी। घर-घर रोशनी, हर गली-ब्लॉक में धार्मिक व राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़ी आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। समिति के पदाधिकारियों और संरक्षकों ने एक साथ मिथिला के प्रस्तावित स्वरूप का पोस्टर जारी किया।
समिति अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि जनकपुरी महोत्सव न केवल भव्य आयोजन है, बल्कि घर-घर सनातन धर्म के प्रसार का संकल्प है। इसके लिए मंत्र, चौपाइयाँ और प्रेरणादायी संदेश हर परिवार तक पहुंचाए जा रहे हैं।
इस मौके पर जनकपुरी महोत्सव में होने वाले कार्यक्रमों का विवरण भी दिया गया, जो इस प्रकार है-
14 सितंबर – आमंत्रण यात्रा।
15 सितंबर – निमंत्रण (राजा जनक राजेश अग्रवाल)।
16 सितंबर – मेहंदी।
17 सितंबर – सीता जी का डोला भ्रमण।
18 सितंबर – तुलसी सालिगराम विवाह।
19 सितंबर – मिथिला महल पर प्रभु दर्शन।
20 सितंबर – माता जानकी की विदाई।
21 सितंबर – समापन, खाटू श्याम जी की भजन संध्या व सम्मान समारोह।
पोस्टर विमोचन करने वालों में सांसद नवीन जैन, मार्गदर्शक व दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री राकेश गर्ग, राजा जनक राजेश अग्रवाल (रसोई रत्न), अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल (एकता बिल्डर), महामंत्री उमेश कंसल, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, संयोजक पार्षद पंकज अग्रवाल, कोषाध्यक्ष राम रतन मित्तल, संरक्षक राकेश मंगल, नरेंद्र बंसल चांदी वाले, राकेश अग्रवाल (आकांक्षा), सह कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल बैंक, सुनील अग्रवाल, रंगेश त्यागी, नवल तिवारी, शशांक तिवारी, हरीश शर्मा गुड्डू, प्रवीन गोयल, अतुल बंसल और वंश अग्रवाल आदि शामिल थे।