नगला बूढ़ी हादसे पर विधायक ने जताया दुख, बोले- पुलिस नशेडियों पर लगातार अभियान चलाए

आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र के नगला बूढ़ी में हुए दर्दनाक हादसे पर क्षेत्रीय विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने गहरा दुख प्रकट किया है। साथ ही उम्मीद जताई है कि पुलिस दोषी को कड़ी सजा दिलाकर पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाएगी। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ हैं। 

Oct 25, 2025 - 20:31
 0
नगला बूढ़ी हादसे पर विधायक ने जताया दुख, बोले- पुलिस नशेडियों पर लगातार अभियान चलाए

विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि वे उन परिवारों की पीड़ा को समझते हैं, जिन्होंने इस हादसे में अपनों को खोया है। प्रशासन पीड़ितों को शीघ्र आर्थिक सहायता और न्याय दिलाने को उचित कदम उठाये।

विधायक खंडेलवाल ने इस हादसे की वजहों पर आक्रोश जताते हुए कहा कि नगला बूढ़ी क्षेत्र घनी आबादी वाला इलाका है, जहां हर समय भारी ट्रैफिक रहता है। इस मार्ग पर कई धार्मिक स्थल और एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का शिक्षा केंद्र स्थित है। ऐसे संवेदनशील इलाके में छह से सात देशी और अंग्रेजी शराब की दुकानें होना अत्यंत अनुचित और खतरनाक है। उन्होंने कहा कि आबादी के बीच इन ठेकों की उपस्थिति लोगों की जान को जोखिम में डाल रही है। प्रशासन को इस दिशा में भी उचित कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस क्षेत्र में तुरंत स्पीड ब्रेकर बनाए जाएं। जब तक सड़क सुरक्षा और नशे के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं होगी, तब तक ऐसी त्रासदियां होती रहेंगी। श्री खंडेलवाल ने इस सिलसिले में पुलिस आयुक्त से भी बात की।

विधायक खंडेलवाल ने पुलिस अधिकारियों से कहा है कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि हर बड़ी घटना सुर्खियों में आती है, लेकिन रोज़ कॉलोनियों और गलियों में नशे में धुत चालक राहगीरों की हड्डियां तोड़ते हैं और भाग जाते हैं। जब तक नशेबाजों के खिलाफ निरंतर अभियान नहीं चलेगा, तब तक ऐसे घटनाएं नहीं रोकी जा सकतीं।

SP_Singh AURGURU Editor