सुभाष पार्क का निरीक्षण किया एमएलसी विजय शिवहरे ने, सौंदर्यीकरण कार्यों को सराहा
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री और विधान परिषद सदस्य विजय शिवहरे ने शुक्रवार को आगरा विकास प्राधिकरण द्वारा हाल ही में पुनर्विकसित किए गए एमजी रोड स्थित सुभाष पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एडीए वीसी भी मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान श्री शिवहरे ने पार्क में किए गए सौंदर्यीकरण, हरियाली, नागरिक सुविधाओं, ओपन जिम और बच्चों के लिए बनाए गए खेल क्षेत्र का गहन अवलोकन किया।
-पार्क को बनाए रखने और सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश, कहा– आगरा को स्वच्छ और हरित शहर बनाने के लिए कर रहे सतत प्रयास
उन्होंने पार्क को शहरवासियों के लिए एक आदर्श सार्वजनिक स्थल बताते हुए एडीए के प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह पार्क अब आगरा के लिए न केवल एक खूबसूरत स्थल है, बल्कि लोगों को स्वच्छ और हरित जीवनशैली की प्रेरणा भी देगा।
पार्क को आदर्श मॉडल बनाने के निर्देश
एमएलसी विजय शिवहरे ने निर्देश दिए कि पार्क के मुख्य द्वार को आदर्श गेट के रूप में विकसित किया जाए और प्रवेश शुल्क को न्यूनतम व उचित रखा जाए ताकि सभी नागरिक सहजता से इसका लाभ ले सकें। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा और देखरेख में लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार और स्थानीय निकाय मिलकर शहर को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे इस सार्वजनिक स्थल की गरिमा बनाए रखें और स्वच्छता में सहयोग दें।
पार्क के कायाकल्प में शामिल हैं ये सुविधाएं
आकर्षक हरियाली और पुष्पवाटिकाएं, एलईडी लाइटिंग के साथ आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, बच्चों के लिए खेल क्षेत्र, ओपन जिम, बैठने की व्यवस्था तथा जल संरचनाएं और पाथवे।
एमएलसी विजय शिवहरे ने एडीए वीसी को शेष कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं समय पर मिल सकें।