आगरा में भीड़ की हिंसा, ऑटो चालक की चोर समझकर पीट-पीटकर हत्या, परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के गैलाना में एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। यहां एक ऑटो चालक की चोर समझकर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ वनखंडी क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था।
रात में रास्ता भूलना बना मौत की वजह, पुलिस को आरोपियों की तलाश
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के गैलाना में एक दर्दनाक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया। यहां एक ऑटो चालक की चोर समझकर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान रामू के रूप में हुई है, जो अपने परिवार के साथ वनखंडी क्षेत्र में किराए के मकान में रहता था।
रामू रोज की तरह 6 नवंबर की रात लगभग 10 बजे ऑटो चलाकर लौटा था। उसने अपने ऑटो मालिक अंसार को किराया देने के लिए उसके घर जाना बताया था। लेकिन अंधेरे और थकान में वह रास्ता भूल गया और गलती से पास में रहने वाले सतीश नामक व्यक्ति के घर का दरवाजा खटखटा दिया।
चोर समझकर बांधकर की गई बेरहमी से पिटाई
सूत्रों के अनुसार सतीश और उसके साथियों ने रामू को चोर समझ लिया। उन्होंने रामू को पकड़ लिया और हाथ बांधकर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। रामू बार-बार सफाई देता रहा कि वह गलती से दरवाजा खटखटा बैठा है, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं मानी। पिटाई से रामू की हालत गंभीर हो गई। इसके बाद रात करीब तीन बजे आरोपी उसे उसके घर के बाहर फेंककर भाग गए।
इलाज के दौरान मौत
परिजन जब सुबह बाहर निकले तो रामू को खून से लथपथ पाया। उसे गंभीर हालत में असोपा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान शुक्रवार रात को उसकी मौत हो गई। शनिवार को पोस्टमॉर्टम के बाद जब शव घर लाया जाना था, तो मोहल्ले की महिलाओं और परिजनों ने असोपा हॉस्पिटल के बाहर सड़क किनारे बैठकर विरोध शुरू कर दिया।
पुलिस पर धमकाने का आरोप, बढ़ा आक्रोश
महिलाओं का आरोप है कि पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने के लिए धमकाया। पुलिस ने कहा कि अगर सड़क जाम की तो सभी पर मुकदमा लिखा जाएगा, जिससे लोगों में और अधिक आक्रोश फैल गया। हालांकि बाद में पुलिस के समझाने और कार्रवाई के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
दो आरोपियों पर मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी बाकी
थाना प्रभारी प्रदीप त्रिपाठी ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर सतीश और राजू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजन अब अन्य लोगों के नाम भी जोड़ने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
मृतक के परिवार में कोहराम
मृतक रामू की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। उसकी पत्नी और चार बच्चे बेसहारा हो गए हैं। पूरे इलाके में इस घटना से गम और गुस्से का माहौल है।