मोकामा हत्याकांड मामले में एसपी समेत तीन अफसरों का तबादला, एक निलंबित
नई दिल्ली। मोकामा हत्याकांड के बाद बिहार में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। इसी बीच केंद्रीय चुनाव आयोग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोकामा और बाढ़ के कई अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। आयोग ने कहा है कि चुनावी माहौल में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
चुनाव आयोग ने मोकामा और बाढ़ के तीन अधिकारियों को उनके पदों से हटा दिया है। यह कार्रवाई साजिश, लापरवाही और घटनाओं पर समय पर नियंत्रण न पाने के आरोपों के बाद की गई है। आयोग ने इनमें से एक अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। इसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का भी आदेश दिया गया है।
स्थानीय एसपी का भी तबादला कर दिया गया है। चुनाव आयोग ने साफ किया कि कानून-व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए यह कदम जरूरी था।चुनाव आयोग ने राज्य सरकार से कहा है कि वह इस कार्रवाई पर कल दोपहर 12:00 बजे तक ‘एक्शन टेकन रिपोर्ट सौंपे। इसमें सभी कदमों का विस्तृत ब्योरा देना अनिवार्य होगा।
इससे पहले चुनाव आयोग ने बिहार में आचार संहिता सख्ती से लागू करने के आदेश दिए थे। इसके तहत राज्य की सीमाओं पर कड़ी निगरानी रखने, अराजक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने और उनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है। संवेदनशील और महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। साथ ही स्ट्रांग रूम और ईवीएम की सुरक्षा को लेकर भी विस्तृत समीक्षा की गई है, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुरक्षित और निष्पक्ष तरीके से पूरी हो सके।
मोकामा में जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के बाद चुनावी माहौल और तनावपूर्ण हो गया है। इस बीच घटना से जुड़े एक और मामले में तीसरी एफआईआर दर्ज की गई है। राजद उम्मीदवार वीणा देवी के समर्थकों ने पंडारक थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें सुमित, सोनू और गोलू को आरोपी बनाया गया है। आरोप है कि दुलारचंद यादव की शव यात्रा के दौरान हुए बवाल में वीणा देवी के काफिले पर हमला किया गया और उनकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।
इस मामले में पहले से ही तीन एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं। दुलारचंद के पोते नीरज कुमार ने अनंत सिंह, उनके भतीजों राजवीर और कर्मवीर, साथ ही छोटन सिंह और कंजय सिंह को नामजद किया है। इधर, अनंत सिंह के समर्थक जितेंद्र कुमार की शिकायत पर जन सुराज उम्मीदवार प्रियदर्शी पीयूष और उनके समर्थकों-लखन महतो, बाजो महतो, नीतीश महतो, ईश्वर महतो और अजय महतो को आरोपी बनाया गया है।