आगरा के शाहगंज में बंदरों का खूनी आतंक, छत से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत

शाहगंज के वेस्ट अर्जुन नगर में बंदरों के हमले से 62 वर्षीय महिला की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई। लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में आक्रोश और दहशत है। एक साल पहले भी इसी इलाके में ऐसी घटना हो चुकी है।

Jan 22, 2026 - 15:21
 0
आगरा के शाहगंज में बंदरों का खूनी आतंक, छत से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत
विरमा देवी।

वेस्ट अर्जुन नगर में बंदरों का आतंक, महिला की मौत से इलाके में दहशत

आगरा। आगरा के थाना शाहगंज क्षेत्र अंतर्गत वेस्ट अर्जुन नगर में बंदरों का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। यहां छत पर गई 62 वर्षीय विरमा देवी पत्नी चरण सिंह पर अचानक बंदरों ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंदरों ने झपट्टा मारा, जिससे संतुलन बिगड़ने पर महिला तीसरी मंजिल से नीचे गिर गईं। गंभीर चोटें आने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। छतों पर कपड़े सुखाना या रोजमर्रा के काम करना भी जोखिम भरा हो चुका है।

इलाकावासियों का आरोप है कि बंदरों की समस्या को लेकर नगर निगम और संबंधित विभागों में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने यह भी बताया कि करीब एक साल पहले इसी इलाके में एक महिला को बंदरों ने छत से गिरा दिया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हुई थीं। इसके बावजूद प्रशासन ने कोई स्थायी समाधान नहीं किया।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी दहशत है। लोगों ने बंदरों की पकड़, स्थानांतरण और इलाके में नियमित गश्त जैसी मांगें उठाई हैं, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।