पुरुषोत्तम मास में आगरा से बरसाना तक गूंजा भक्ति का उल्लास, जन्माष्टमी, राधाष्टमी, श्रीराम कथा और सेवा महोत्सवों में उमड़े श्रद्धालु
आगरा। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आगरा और ब्रज क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। कहीं भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया तो कहीं 251 कलशों के साथ श्रीराम कथा का शुभारंभ हुआ। बरसाना धाम में राधारानी सेवा और विशाल प्रसादी का आयोजन श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना, वहीं राधाष्टमी महोत्सव में स्वामिनी भाव की रसधारा प्रवाहित हुई। दिनभर भजन-कीर्तन, कथा, आरती और सेवा आयोजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कारागार में जन्मे देवकी नन्दन, देवों ने किया वन्दन
यमुना किनारा स्थित प्राचीन पुष्टिमार्गीय श्री मधुराधीश जी महाराज मंदिर में पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे पुष्पों, मनोहारी झांकियों और विशेष अलंकरण से सजाया गया। सुगंधित पुष्पों से सुसज्जित आकर्षक फूल बंगला श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। भगवान श्रीकृष्ण के कारागार जन्म की झांकी के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
ठाकुर श्री मधुराधीश जी का विशेष श्रृंगार कर नवीन वस्त्र, बहुमूल्य आभूषण और पुष्पमालाओं से अलंकृत किया गया। वैष्णव परंपरा के अनुसार भगवान को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसमें माखन-मिश्री, मेवा, मिष्ठान्न एवं विभिन्न प्रकार के व्यंजन शामिल रहे। दिनभर भजन-कीर्तन, श्रीमद्भागवत कथा पाठ और कृष्ण जन्म की बधाइयों का आयोजन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विशेष आरती उतारी गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस अवसर पर महन्त नन्दन श्रोत्रिय, विष्णु कुमार गोयल, नितिन गोयल, वासु गोयल, पार्थ, कृतज्ञ, ब्रज खंडेलवाल, पद्मिनी एवं जुगल श्रोत्रिय सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
चामुंडा देवी मंदिर से निकली आस्था की अलौकिक धारा, 251 कलशों संग हुआ श्रीराम कथा का आगाज़

श्रीराम कथा के शुभारंभ से पूर्व 251 कलशों के साथ निकाली गई भव्य कलश यात्रा में शामिल मातृशक्ति।
धाकरान स्थित प्राचीन श्री चामुंडा देवी मंदिर में 8 से 18 जून तक आयोजित होने वाली श्रीराम कथा के शुभारंभ के उपलक्ष्य में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। रामलला, लड्डू गोपाल और श्री श्याम प्रभु के विधिवत पूजन-अर्चन के साथ यात्रा का शुभारंभ हुआ। बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के उद्घोषों के बीच 251 मातृशक्तियां सिर पर कलश धारण कर क्षेत्र भ्रमण पर निकलीं।
कलश यात्रा ने पूरे धाकरान क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। कथा वाचक संत श्री चंद्रशेखर तिवारी महाराज का भव्य अभिनंदन किया गया। उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास भगवान श्रीहरि की विशेष कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर है और श्रीराम कथा जीवन में संस्कार, सदाचार और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करती है। आयोजन में नरेंद्र सिंह धाकड़, फूलवती धाकड़, हरस्वरूप धाकड़, लालाराम धाकड़, निहाल धाकड़, राजवीर धाकड़, पदम सिंह धाकड़, बंटी धाकड़, प्रकाश धाकड़ तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार ने बरसाना धाम में सजाया भक्ति का अनुपम उत्सव

बरसाना धाम स्थित श्री राधारानी सरकार मंदिर में दिव्य फूल बंगला एवं सेवा महोत्सव में शामिल श्रद्धालु।
श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार, आगरा के तत्वावधान में बरसाना धाम स्थित श्री राधारानी सरकार मंदिर में विशेष सेवा महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राधारानी जी की विशेष पोशाक सेवा, दिव्य फूल बंगला दर्शन, संत सेवा और विशाल प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया। प्रातःकाल से ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में उमड़ पड़ी।
रंग-बिरंगे पुष्पों से सजे दिव्य फूल बंगले और राधारानी जी के अलौकिक श्रृंगार ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर "राधे-राधे" के जयघोषों से गुंजायमान रहा। संत-महात्माओं की विशेष सेवा और सम्मान के बाद विशाल प्रसादी वितरण किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। चरण सेवक अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर माहेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, नीरज अग्रवाल एवं मनीष गोयल ने कहा कि बरसाना धाम में सेवा का अवसर स्वयं में दिव्य सौभाग्य है। कार्यक्रम की व्यवस्थाएं विनय बंसल, गौरव बंसल और नितिन अग्रवाल ने संभाली। आयोजन के समापन पर विश्व कल्याण और सुख-समृद्धि की प्रार्थना की गई।
राधाष्टमी उत्सव में बही भक्तिरस की धारा, स्वामिनी भाव में डूबे वैष्णव

श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में राधाष्टमी महोत्सव के दौरान स्वामिनी श्री राधारानी जी के विशेष श्रृंगार दर्शन करते श्रद्धालु।
नाई की मंडी स्थित श्री प्रेमनिधि जी मंदिर में चल रहे पुरुषोत्तम मनोरथ उत्सव के 23वें दिन राधाष्टमी महोत्सव अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी महाराज एवं स्वामिनी श्री राधारानी जी का विशेष श्रृंगार कर भक्तों को मनोहारी दर्शन कराए गए। मंदिर परिसर बधाई पदों, कीर्तन और जयघोषों से गूंज उठा।
पुष्टिमार्गीय परंपरा में राधाष्टमी का विशेष महत्व है। इस अवसर पर स्वामिनी जी को नूपुर, चूड़ी, नथ और विभिन्न अलंकार अर्पित किए गए। मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि राधाष्टमी स्वामिनी भाव का महोत्सव है और राधारानी भक्तों को श्रीकृष्ण की कृपा तक पहुंचाने वाली दिव्य शक्ति हैं। सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी ने बताया कि उत्सव में बधाई पदों और कीर्तनों का विशेष आयोजन किया गया। महाआरती के बाद प्रसादी वितरण हुआ। आयोजन में रीतू गोयल, आनंद कुमार गोयल, अजय गोयल, पुनीत गोयल, भक्ति गोस्वामी, वंशिका गोस्वामी, आशीष वल्लभ पचौरी, दीपक सैनी, लक्ष्य तलवानी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।