आगरा में रोपे जाएंगे 51 लाख से अधिक पौधे, अकेले वन विभाग रोपेगा 14.90 लाख पौधे
आगरा। शासन द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 हेतु आगरा में 5142160 पौधोरोपण का लक्ष्य मिला है। इसमें से वन विभाग द्वारा जनपद आगरा में 996 हैक्टेयर भूमि पर 1490100 पौधे रोपे जाएंगे। शेष 3652060 पौधे अन्य विभाग द्वारा रोपित किये जायेगें।
पौधों को संरक्षित रखने हेतु तार फेंसिग तथा चैन फैसिंग की जायेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने अधिकारियों को द्निर्देशित किया कि कहां-कहां कितने कितने पौधे लगने है तथा उनको संरक्षित रखने हेतु क्या-क्या कदम उठाये गये हैं, की सूची 08 दिन के अन्दर उपलब्ध कराया जाना सुनिश्चित् करें।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागर में सिंचाई बन्धु की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में सिंचाई विभाग, विद्युत विभाग, नलकूप विभाग, लघु सिंचाई विभाग, वन विभाग, निचली मांट शाखा खण्ड गंगा नहर, मथुरा सिंचाई खण्ड, हाथरस एवं जल निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। कृषि विभाग के किसी भी अधिकारी के उपस्थित न होने पर जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु निर्देशित किया। बैठक में जनपद आगरा में चल रही महत्वाकांक्षी परियोजना पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया।
बैठक में सिंचाई विभाग के सहायक अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि जनपद आगरा में खरीफ फसली हेतु नहरों में जल उपलब्ध कराया जा रहा है। जल्द ही सभी नहरों की खरीफ फसली की टेलफीड करा दी जायेगी। सहायक अभियन्ता प्रथम द्वारा अवगत कराया गया कि आदर्श नहर परियोजना के अन्तर्गत आगरा राजवाह पर निर्माण कार्य 80 प्रतिशत पूर्ण किया जा चुका है। सिकन्दरा राजवाह को आदर्श नहर बनाने की परियोजना स्वीकृत हो गयी है। धनावंटन होने पर कार्य प्रारम्भ करा दिया जायेगा। आगरा राजवाह से निकलने वाली कचौरा माइनर, सकतपुर माइनर एवं गढ़सानी माइनर के क्रास रेगुलेटर जो क्षतिग्रस्त थे, को पुर्नस्थापित करा दिया गया है।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. भदौरिया ने निर्देश दिए कि नहरों पर चल रहे कार्यों को विभागीय मानकों एवं गुणवत्तापूर्वक कराया जाना सुनिश्चित् किया जाए। साथ ही सहायक अभियन्ता को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 की कार्य-योजना के अन्तर्गत कितने कार्य पूर्ण हो गये है तथा कितने कार्य शेष रह गये है, की सूचना उपलब्ध करायें। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 की कार्य-योजना भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित् करें।
बैठक में ताज बैराज निर्माण खण्ड, आगरा से उपस्थित अधिशासी अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि ताज बैराज को बनाने हेतु एनएमसीजी द्वारा अन्तिम अनापत्ति प्रमाण-पत्र प्राप्त करने हेतु विभाग द्वारा लगातार आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। एनएमसीजी की अनापत्ति प्राप्त होने पर कार्य हेतु आवश्यक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी।
बैठक में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियन्ता द्वारा अवगत कराया कि विभाग द्वारा आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए 100 केवीए के अधिक क्षमता वाले सभी ट्रांसफोर्मरों का प्रोटेक्शन वर्क किया जा रहा है, जिससे गर्मी मे पड़ने वाले अतिरिक्त भार से ट्रांसफोर्मर खराब न हों।
बैठक में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि बैठक में मांगी जाने वाली सूचना को 08 दिवस के अन्दर उपलब्ध कराया जाए। साथ ही विभागों में संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रत्येक बैठक में उपलब्ध कराई जाए। संचालित योजनाओं के कार्य को मानको के अनुरूप गुणवत्तापूर्वक कराये जायें।
जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा निर्देशित किया गया कि बार-बार कहने पर भी विभागीय अपेक्षित अधिकारियों द्वारा बैठक में प्रतिभाग नहीं किया जा रहा है। सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि बैठक मे अपेक्षित अधिकारियों द्वारा ही प्रतिभाग किया जाये।