बरेली में रेलवे ट्रैक किनारे मिला मोर्टार शेल, सेना ने समय रहते किया निष्क्रिय

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब थाना सुभाषनगर क्षेत्र स्थित रेलवे ट्रैक के पास मिट्टी डालने के दौरान एक पुराना मोर्टार शेल बरामद हुआ। सुरक्षा बलों की तत्परता से इसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।

Jun 18, 2025 - 12:30
 0
बरेली में रेलवे ट्रैक किनारे मिला मोर्टार शेल, सेना ने समय रहते किया निष्क्रिय
बरेली में रेलवे ट्रैक किनारे मिला मोर्टार शेल।

-जेसीबी खुदाई के दौरान निकला जंग खाया विस्फोटक, बरेली पुलिस और सेना की तत्परता से टली अनहोनी

यह घटना तब सामने आई जब जेसीबी मशीन से रेलवे ट्रैक के किनारे मिट्टी का ढेर लगाया जा रहा था। खुदाई के दौरान मजदूरों की नजर एक संदिग्ध धातु वस्तु पर पड़ी, जो आकार में मोर्टार शेल जैसी थी। मजदूरों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देशन में एसपी सिटी मानुष पारीक अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस की स्थानीय बम निरोधक दस्ता यूनिट को भी बुलाया गया। प्रारंभिक जांच के बाद आर्मी की बम डिस्पोजल यूनिट को अलर्ट किया गया।

सेना की विशेषज्ञ टीम ने पुष्टि की कि यह एक मिसफायर मोर्टार शेल है, जो संभवतः अतीत में किसी सैन्य अभ्यास के दौरान इस्तेमाल हुआ और निष्क्रिय अवस्था में मिट्टी में दबा रह गया। जेसीबी से खुदाई के दौरान यह सतह पर आ गया।

सेना की टीम ने पूरी सावधानी बरतते हुए शेल को मौके पर ही निष्क्रिय किया। राहत की बात यह रही कि यह शेल सक्रिय नहीं था, वरना जान-माल को गंभीर नुकसान पहुंच सकता था।

एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया, स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया गया है। क्षेत्र को सुरक्षित कर जांच की जा रही है कि यह मोर्टार शेल यहां कैसे आया। स्थानीय लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

SP_Singh AURGURU Editor