आगरा के श्री सर्वोतोभद्र जिनालय में माता मरूदेवी की गोद भराई सम्पन्न, नभिराय पिता का हुआ सम्मान

आगरा में नवनिर्माणाधीन श्री सर्वोतोभद्र जिनालय परिसर में आयोजित श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत माता मरूदेवी की गोद भराई का मांगलिक आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर जिनालय परिसर आध्यात्मिक ऊर्जा, मंगल ध्वनियों और भक्ति भाव से सराबोर हो उठा।

Feb 19, 2026 - 19:39
 0
आगरा के श्री सर्वोतोभद्र जिनालय में माता मरूदेवी की गोद भराई सम्पन्न, नभिराय पिता का हुआ सम्मान
आगरा में नवनिर्माणाधीन श्री सर्वोतोभद्र जिनालय परिसर में गुरुवार को आयोजित गोद भराई समारोह की एक झलक।

आगरा। शहर के अलोक नगर, बल्केश्वर स्थित नवनिर्माणाधीन श्री सर्वोतोभद्र जिनालय परिसर में गुरुवार को श्री आदिनाथ जिनबिंब पंचकल्याणक महोत्सव के अंतर्गत माता मरूदेवी की गोद भराई का भाव-विभोर कर देने वाला धार्मिक आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ।

इस मांगलिक समारोह का आयोजन श्री सर्वोतोभद्र जिनालय ट्रस्ट के तत्वावधान और उपाध्याय श्री विहसंतसागर महाराज ससंघ के सानिध्य में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने उपाध्याय श्री को श्रीफल अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

सर्वोतोभद्र बल्केश्वर जैन महिला मंडल एवं समग्र महिला मंडल की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक मंगल गीतों ने समारोह को भक्तिमय बना दिया। जय-जय आदिनाथ के जयघोष और मंगल ध्वनियों से जिनालय परिसर गूंज उठा।

तीर्थंकर बालक आदिकुमार की पावन माता मरूदेवी की गोद भराई की समस्त मांगलिक क्रियाएं विधि-विधानपूर्वक सम्पन्न कराई गईं। श्रद्धालुओं ने मेवा, फल, किशमिश एवं पूजन सामग्री अर्पित कर शुभाशीष प्रदान किए और धर्मलाभ अर्जित किया।

इस पावन अवसर पर नभिराय पिता पारसमल जैन का आयोजक समिति द्वारा विशेष रूप से स्वागत एवं सम्मान किया गया। उन्हें माला एवं साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया, जिस पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सम्मान स्वीकार किया।

कार्यक्रम का कुशल एवं भावपूर्ण संचालन अंकेश जैन द्वारा किया गया। इस अवसर पर सुमेर पांडया, राजीव जैन, रजत जैन, पंकज जैन, विष्णु जैन, राजेन्द्र जैन, मनीष जैन, अंकेश जैन, नीरज कुमार जैन, मधु जैन कासंल, ऊषा मारसंस, बीना जैन, बबीता जैन, खुशबू जैन, समीक्षा जैन, कल्पना जैन, भावना जैन सहित समस्त आगरा जैन समाज के गणमान्यजन एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor