शादी के 15 साल बाद प्रेमी संग भागी दो बच्चों की मां झांसी से बरामद, पति ने हमेशा के लिए तोड़ा नाता
आगरा। शादी के 15 साल बाद अपने प्रेमी के साथ घर से लापता हुई दो बच्चों की मां को शाहगंज पुलिस ने झांसी से सकुशल बरामद कर लिया। महिला 16 मई को बिना किसी को बताए घर से चली गई थी। पुलिस ने उसे एक हफ्ते की मशक्कत के बाद बरामद किया, लेकिन आगरा लौटते ही उसके पति ने पुलिस की मौजूदगी में जीवन भर के लिए उससे संबंध तोड़ लिए।
शाहगंज थाना क्षेत्र के दोरेठा, नवनीत नगर गली नंबर 2 निवासी हरीश चंद ने पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुरुआत में पुलिस ने मामले में रुचि नहीं दिखाई, लेकिन जब हरीश ने एसीपी मयंक तिवारी से संपर्क कर अपनी पीड़ा साझा की, तब जाकर कार्रवाई शुरू हुई।
एसीपी के निर्देश पर महिला की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे पता चला कि वह झांसी में है। इसके बाद एक पुलिस टीम झांसी भेजी गई, जहां से महिला को मंगलवार को बरामद कर आगरा लाया गया।
पुलिस पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि वह प्रेमी के साथ घर से निकली थी। उसके दो बेटे हैं, जिनमें एक 14 और दूसरा 10 वर्ष का है। उसकी बातें सुनने के बाद पति ने पुलिस के समक्ष ही उसके साथ सभी संबंध खत्म करने की घोषणा कर दी।