मां का आशीर्वाद और प्रकृति का संरक्षणः लॉयंस क्लब के वृक्षारोपण से फैला पर्यावरण बचाने का संदेश  

आगरा। मां का आशीर्वाद और प्रकृति का संरक्षण। इसी भावनात्मक संदेश के साथ लॉयंस क्लब कॉनरॉय ने शुक्रवार को शास्त्रीपुरम स्थित आईटी पार्क, कृष्णा कार्निवाल में विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम एक पेड़ मां के नाम का आयोजन किया। इस अनूठी पहल में लगभग 150 पेड़ लगाए गए, जिन्हें क्लब सदस्यों ने अपने-अपने माता-पिता के नाम समर्पित किया। हर पौधे को ट्री गार्ड सहित लगाया गया ताकि उनकी सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।

Sep 5, 2025 - 18:09
 0
मां का आशीर्वाद और प्रकृति का संरक्षणः लॉयंस क्लब के वृक्षारोपण से फैला पर्यावरण बचाने का संदेश   
लॉयंस क्लब कॉनरॉय द्वारा आयोजित एक पेड़ मां के नाम विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम में उपस्थित पीएमजेएफ जितेंद्र चौहान, सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अजय भार्गव, अध्यक्ष विशाल सिंघल, सचिव संजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष आशीष गर्ग आदि।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जितेन्द्र सिंह चौहान (पीएमजेएफ, सीए लीडर जीएटी एंड एलसीआईएफ) और विशेष अतिथि इंजीनियर अजय भार्गव (एमजेएफ, सेकंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर) की उपस्थिति में हुआ।
जितेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। यदि हर परिवार अपने माता-पिता के नाम पर एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो यह आंदोलन आने वाली पीढ़ियों के लिए धरोहर बन जाएगा। लॉयंस क्लब कॉनरॉय ने वृक्षारोपण को भावनात्मक रूप देकर समाज में प्रेरणादायक संदेश दिया है।

विशेष अतिथि इं. अजय भार्गव ने कहा कि आज का यह प्रयास पर्यावरण सुरक्षा की दिशा में एक मिसाल है। इस कार्यक्रम ने वृक्षारोपण को भावनात्मक और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ दिया है। यह अभियान आने वाली पीढ़ियों के लिए हरा-भरा भविष्य सुनिश्चित करेगा।

क्लब अध्यक्ष विशाल सिंघल, सचिव संजय गुप्ता और कोषाध्यक्ष आशीष गर्ग ने कहा कि यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि माता-पिता के प्रति आभार व्यक्त करने की प्रेरणा भी है। हर पौधे की देखभाल की जाएगी ताकि वह आने वाले वर्षों तक छाया और ऑक्सीजन देता रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि पौधों की नियमित देखभाल कर शहर को हरियाली से आच्छादित करेंगे।
रीजन चेयरपर्सन एवन सिंह, रोहित गर्ग, निखिल, प्रशांत गर्ग, नितिन मेहरोत्रा, अनुज खंडेलवाल, हेमंत वशिष्ठ, रोहित केसवानी, मोहित अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, सौम्या गुप्ता, नेहा, रूपाली, आरती, गीतिका, रुचि, अर्चना, निकिता आदि ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

SP_Singh AURGURU Editor