शोध सहयोग के लिए आंबेडकर यूनिवर्सिटी और एलनहाउस टेक्नोलॉजी, कानपुर के बीच एमओयू

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय ने उद्योग और शोध जगत की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाते हुए एलनहाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, कानपुर के साथ एक एमओयू साइन किया है। यह साझेदारी न केवल अकादमिक विकास बल्कि शोध सहयोग, स्टार्टअप पारितंत्र और नवाचार को भी नई दिशा देगी।

Aug 13, 2025 - 18:26
 0
शोध सहयोग के लिए आंबेडकर यूनिवर्सिटी और एलनहाउस टेक्नोलॉजी, कानपुर के बीच एमओयू
एमओयू पर हस्ताक्षर करने के बाद इसे दिखातीं कुलपति प्रो. आशूरानी और एलनहाउस के निदेशक प्रो. मनोज कुमार मिश्रा।

कुलपति और निदेशक ने किए हस्ताक्षर

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी और एलनहाउस इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. मनोज कुमार मिश्रा ने इस एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के आईक्यूएसी निदेशक प्रो. संजय चौधरी और एलनहाउस के अतिरिक्त निदेशक प्रो. अतुल चतुर्वेदी भी मौजूद रहे।

साझेदारी का यह है मुख्य उद्देश्य

एमओयू के तहत दोनों संस्थान मिलकर स्नातक और परास्नातक स्तर पर हाई क्वालिटी रिसर्च को बढ़ावा देंगे। सहयोग के क्षेत्र होंगे- जनसांख्यिकी, अर्थव्यवस्था, कृषि एवं ग्रामीण विकास, सुरक्षा एवं रक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप और लघु-मध्यम उद्योग, अंतर्राष्ट्रीय व्यापार और इनोवेशन प्रोजेक्ट्स।

इसके अलावा छात्रों और शोधकर्ताओं का एक्सचेंज प्रोग्राम शोध प्रकाशनों का साझा विकास, संयुक्त सेमिनार, वर्कशॉप और संगोष्ठियों का आयोजन भी किया जाएगा।

दोनों संस्थान एक-दूसरे की लाइब्रेरी, प्रयोगशालाएं और शोध उपकरण साझा करेंगे, जिससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को आधुनिक तकनीक और बेहतर संसाधनों तक पहुंच मिलेगी।

शोध और नवाचार के द्वार खुलेंगे

कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि  यह एमओयू शोध और नवाचार के नए द्वार खोलेगा, जिससे हमारे विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा। वहीं, प्रो. मनोज कुमार मिश्रा का कहना था कि इस साझेदारी से विद्यार्थियों को उद्योग की बदलती जरूरतों और लेटेस्ट टेक्नोलॉजी से सीधे जुड़ने का मौका मिलेगा।

SP_Singh AURGURU Editor