ब्रज तीर्थ विकास परिषद और एम3एम फाउंडेशन के बीच एमओयू, तीर्थ सुरक्षा, आजीविका और सांस्कृतिक संरक्षण को मिलेगा बल

मथुरा। ब्रज क्षेत्र के धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने गुरुग्राम (हरियाणा) स्थित एम3एम फाउंडेशन के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया है। इस साझेदारी के तहत तीर्थ स्थलों की सुरक्षा, स्थानीय आजीविका के सशक्तीकरण और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं प्रलेखन पर विशेष रूप से काम किया जाएगा।

Jan 8, 2026 - 20:25
 0
ब्रज तीर्थ विकास परिषद और एम3एम फाउंडेशन के बीच एमओयू, तीर्थ सुरक्षा, आजीविका और सांस्कृतिक संरक्षण को मिलेगा बल
ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यालय सभागार में गुरुवार को परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र और एम3एम फाउंडेशन के प्रबंध न्यासी डॉ. ऐश्वर्या महाजन एमओयू पर हस्ताक्षर कर आदान-प्रदान करते हुए।

उच्चस्तरीय बैठक में बनी योजनाओं पर सहमति

बृहस्पतिवार को ब्रज तीर्थ विकास परिषद के कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र, मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल, डॉ. ऐश्वर्या महाजन (प्रबंध न्यासी एवं अध्यक्ष, एम3एम फाउंडेशन), अनुपमा मायराल (संस्थापक एवं सीईओ, सामर्थ्य डेवकनेक्ट एलएलपी) के बीच विस्तृत चर्चा हुई।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। बैठक में ब्रज की संवेदनशील धार्मिक पहचान और तीर्थ क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कई अहम योजनाओं को अंतिम रूप दिया गया।

सोलर आधारित सीसीटीवी से बढ़ेगी तीर्थों की सुरक्षा

एमओयू के तहत ब्रज क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक और तीर्थ स्थलों पर सेल्फ एनर्जी (सोलर) सिस्टम आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे उन स्थानों पर स्थापित होंगे, जहां अब तक बिजली अथवा अन्य कारणों से निगरानी की व्यवस्था संभव नहीं हो सकी थी।
इन कैमरों की निगरानी पुलिस और ब्रज तीर्थ विकास परिषद संयुक्त रूप से करेंगी तथा जहां संभव होगा, वहां मौजूदा निगरानी प्रणालियों के साथ भी इनका एकीकरण किया जाएगा।

वृंदावन से शुरू होगा स्ट्रीट वेंडर आजीविका पायलट प्रोजेक्ट

स्थानीय लोगों की आजीविका को सशक्त बनाने और ब्रज की पारंपरिक खानपान संस्कृति को संरक्षित रखने के उद्देश्य से स्ट्रीट वेंडर आजीविका पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी वृंदावन से की जाएगी।

इस योजना के तहत विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए वेंडिंग कार्ट उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनमें स्वच्छता, सौंदर्य और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप डिज़ाइन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। प्रारंभिक चरण में 20 स्ट्रीट वेंडरों को इस परियोजना से जोड़ा जाएगा, जिसे आगे चरणबद्ध तरीके से विस्तारित किया जाएगा।

वृत्तचित्र प्रतियोगिता और शोध फेलोशिप

ब्रज की धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्ता को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए वृत्तचित्र प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। यह प्रतियोगिता छात्रों और फिल्म निर्माताओं के लिए खुली होगी।

इसके माध्यम से ब्रज से जुड़ी प्रामाणिक कहानियों, शोध कार्यों और अभिलेखों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। साथ ही एम3एम फाउंडेशन द्वारा ब्रज से संबंधित शोध कार्यों के लिए फेलोशिप भी शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप विकास

ब्रज तीर्थ विकास परिषद के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप इन योजनाओं से ब्रज क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा ब्रज की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित होगा।

SP_Singh AURGURU Editor